फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वंदे भारत मिशन : बांग्लादेश, खाड़ी देशों और ब्रिटेन से 900 भारतीय पहुंचे स्वदेश

Sat, 09 May 2020 10:55 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
एयरपोर्ट पर मौजूद भारतीय - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

वंदे भारत मिशन के तीसरे दिन शनिवार को ब्रिटेन, बांग्लादेश, मलयेशिया और खाड़ी देशों से करीब 900 भारतीय नागरिकों को लेकर विमान स्वदेश लौटे। इन सभी को भुगतान आधार पर विदेशों से लाया जा रहा है। करीब 250 छात्रों और पर्यटकों के पहले जत्थे को लेकर एयर इंडिया की फ्लाइट ने लंदन से दोपहर करीब 12 बजे उड़ान भरी। यात्रियों को विमान में बैठाने से पहले स्क्रीनिंग की गई। 

विज्ञापन


भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया कि एयर इंडिया की पहली फ्लाइट उड़ान भर चुकी है। फ्लाइट 100 फीसदी बुक है। शुभ यात्रा। कृपया संपर्क में रहें। भारत सरकार लोगों को निकालने के लिए और विमान भेज रही है। इसके अलावा बांग्लादेश की राजधानी ढाका से 129 नागरिकों को लेकर विमान दोपहर में नई दिल्ली पहुंचा।

एयर इंडिया के दो विमानों के जरिए शनिवार को दुबई से 359 भारतीय नागरिक चेन्नई पहुंचे। इनमें तिरुनेलवेली की वह महिला भी हैं जिनके पति की दुबई में मौत हो गई। विमान से उनके पति का शव भी लाया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों और ग्रेटर चेन्नई कारपोरेशन ने बताया कि पहली फ्लाइट से 182 यात्री (151 पुरुष, 28 महिलाएं, 3 बच्चे) और दूसरी फ्लाइट से 177 लोग (138 पुरुष और 39 महिलाएं) आए। 
विज्ञापन


ये सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले हैं और संयुक्त अरब अमीरात में काम करते थे। इससे पहले शुक्रवार रात को कुआलालंपुर से 200 लोगों को लेकर विमान तिरुचिरापल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। यात्रियों के एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद कोरोना टेस्ट किया गया।

कुवैत से 155 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया की पहली फ्लाइट शमशाबाद एयरपोर्ट पर लैंड हुई। यात्रियों के विमान से उतरते समय भी सामाजिक दूरी का ध्यान रखा गया। एक बार में केवल 20 या 30 यात्रियों को ही विमान से बाहर आने दिया गया। एयरपोर्ट पर इन सभी का कोरोना टेस्ट भी किया गया। 

केंद्र सरकार ने सोमवार को एलान किया था कि वह विदेशों में फंसे करीब 15,000 भारतीयों को 7 से 13 मई के बीच 64 फ्लाइटों के जरिए स्वदेश वापस लाएगी। खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों में से करीब 3 लाख से अधिक लोगों ने स्वदेश वापसी की इच्छा जाहिर की और इसके लिए भारतीय मिशनों में अपना पंजीकरण कराया है।

मालदीव से 700 भारतीयों को लेकर आज पहुंचेगा नौसेना जहाज

ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत नौसेना का आईएनएस जलश्व युद्धपोत मालदीव के माले बंदरगाह से 698 भारतीयों को लेकर रविवार को कोच्चि बंदरगाह पहुंचेगा। पोत शुक्रवार रात को माले बंदरगाह से रवाना हुआ था। आईजीपी विजय सखारे ने बताया कि पोत में केरल के 431 लोग, तमिलनाडु के 132 लोग सवार हैं। इसके अलावा गोवा, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना और लक्षद्वीप के भी यात्री सफर कर रहे हैं। बंदरगाह पर पहुंचने के बाद यात्रियों का कोरोना टेस्ट होगा और 14 दिन के लिए इन्हें क्वारंटीन रखा जाएगा।

लंदन से भारतीयों को लाने वाले पहले विमान ने भरी उड़ान

ब्रिटेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन का पहला विमान ने शनिवार को हीथ्रो एयरपोर्ट से उड़ान भरी। करीब 250 भारतीय छात्रों और पर्यटकों को लेकर आ रहा यह विमान रविवार सुबह मुंबई में लैंड करेगा। 

यह विमान ब्रिटेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार द्वारा लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से भारत के छह शहरों तक उड़ान के लिए तय किए गए सात विमानों में से पहला है। इनमें दो विमान मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे, जिनमें से एक शनिवार को उड़ान भर चुका है और दूसरा मंगलवार को उड़ान भरेगा।  

इसके अलावा अन्य विमानों में एक-एक विमान रविवार को बंगलूरू के लिए, सोमवार को हैदराबाद के लिए, बुधवार को अहमदाबाद के लिए, गुरुवार को चेन्नई के लिए और शुक्रवार को नई दिल्ली के लिए हीथ्रो एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा। 

ब्रिटेन से भारतीयों को लाने वाला एयर इंडिया का पहला विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार-रविवार की रात 1.30 बजे लैंड करेगा। यहां सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी और क्वारंटीन में भेजा जाएगा। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें