IAF: लाहौर एटीसी ने पाकिस्तानी विमानन मंत्रालय की ओर से जारी नोटम के तहत इंडिगो की उड़ान 6E-214 को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद विमान का मार्ग श्रीनगर के लिए बदला गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-214 को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी थी। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी विमानन प्राधिकरण ने एक नोटम (NOTAM A0220/25) जारी किया था, जो 23 मई की रात 11.59 लागू था। इसमें कहा गया था कि भारतीय पंजीकृत विमान और भारतीय एयरलाइंस के स्वामित्व या लीज पर चलने वाले विमानों को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र उपयोग करने की अनुमति नहीं है। इनमें सैन्य विमान भी शामिल हैं।
नॉर्दर्न एरिया कंट्रोल ने इंडिगो के चालकों को इस नोटम के तहत सूचित किया। यह सभी एयरलाइनों की रूट प्लानिंग में एक सामान्य प्रक्रिया होती है, ताकि विमान और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा, विमान को तुरंत मार्ग बदलने में मदद दी गई। इसके लिए दिल्ली एरिया कंट्रोल से संपर्क किया गया और लाहौर कंट्रोल के जरूरी संपर्क नंबर (फ्रीक्वेंसी) दिए गए, ताकि खराब मौसम के कारण उड़ान को उसकी हवाई क्षेत्र में जाने की अनुमति मांगी जासके। इसके बाद लाहौर एरिया कंट्रोल ने अपने हवाई क्षेत्र की अनुमति देने से इनकार किया तो विमान को श्रीनगर की ओर मोड़ दिया गया। इसके बाद श्रीनगर एयरफील्ड पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग तक दिशानिर्देश और गति की जानकारी देकर मदद दी गई।
इंडिगो फ्लाइट 6E214 से जुड़ी घटना पर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा, दिल्ली-श्रीनगर उड़ान की आपात लैंडिंग के संबंध में हम घटना की जांच कर रहे हैं। डीजीसीए घटना की जांच कर रहा है। मैं पायलटों और चालक दल के प्रयासों की सराहना करना चाहूंगा। हम बहुत आभारी हैं कि कोई घटना नहीं हुई और सभी सुरक्षित हैं। लेकिन हम इसकी पूरी तरह से जांच करने जा रहे हैं। हम डीजीसीए की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और अगर हमें कोई गड़बड़ी नजर आती है तो हम कार्रवाई करेंगे।