नागरिक विमानन मंत्रालय के सचिव आरएन चौबे ने कहा कि अगले सात से आठ वर्षों में भारत 1,000 से अधिक हवाई जहाजों की खरीद करेगा। साथ ही अगले कुछ समय के भीतर देश में 100 नए एयरपोर्ट खुलेंगे और अगले 15 वर्षों में एक अरब उड़ाने भरी जाएंगी। उन्होंने कहा कि देश का विमानन बाजार दुनिया के बाजार के लिए इंजन बना हुआ है, जिससे विदेशी विमानन कंपनियों के विकास के लिए भारत में बेहतर अवसर मौजूद हैं।
उद्योग मंडल फिक्की द्वारा आयोजित वैश्विक विमानन सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौबे ने कहा कि पिछले चार साल से देश का घरेलू विमानन क्षेत्र सालाना 20 फीसदी की दर से बढ़ रहा है। यह दुनिया में सबसे अधिक वृद्धि दर है और यह लगातार बनी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर तेल की कीमतों से समर्थन मिला तो अगले 20 वर्षों में विकास की रफ्तार यही बनी रहेगी। साथ ही सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इस विकास रथ के रास्ते में बुनियादी ढांचा समेत कोई भी रोड़ा न आए।