भारत ने गुरुवार को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के अधिक रेंज वाले संस्करण का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण बंगाल की खाड़ी में एक सुखोई लड़ाकू विमान से किया गया। इसे वायु सेना की रणनीतिक हमला क्षमताओं में उल्लेखनीय इजाफा बताया जा रहा है।
विज्ञापन
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह पहली बार है जब सुखोई लड़ाकू विमान से ब्रह्मोस मिसाइल के एक्सटेंडेड रेंज वर्जन को लॉन्च किया गया है। इस मिसाइल के एडवांस्ड वर्जन की रेंज लगभग 350 किलोमीटर बताई जाती है। मूल मिसाइल की रेंज लगभग 290 किलोमीटर थी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि लड़ाकू विमान से मिसाइल लॉन्चिंग तय योजना के अनुरूप हुआ और मिसाइल ने बंगाल की खाड़ी में तय लक्ष्य को सीधे निशाना बनाया। बयान में कहा गया कि इस मिसाइल और सुखोई ने वायु सेना की रणनीतिक पहुंच को विस्तार दिया है।
विज्ञापन
बयान में कहा गया कि इस परीक्षण के साथ वायु सेना ने बहुत अधिक दूरी पर स्थित जमीनी या समुद्री टारगेट पर सटीक हमला करने की क्षमता को बढ़ाया है। ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल 2.8 माक या ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना अधिक की रफ्तार से उड़ान भरती है।