कांग्रेस ने सरकार से अपील की है कि लगातार पाकिस्तान खुफिया एजेंसी
आईएसआई के इशारे पर हमारे सैनिक ठिकानों पर हो रहे आतंकी हमलों का ठोस और करारा जवाब दे।
कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भले ही विदेश यात्रा पर हैं लेकिन सुंजवां सेना कैंप में हमले के बाद चल रहे सैनिक ऑपरेशन पर अपनी विशेष निगरानी रखें। कांग्रेस का कहना है कि गंभीर चिंता की बात ये है कि आतंकवादी सैनिक परिवारों के परिसर में घुस आए हैं जहां बच्चे और महिलाएं हैं।
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि अभी इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। पार्टी इस मुद्दे पर कोई राजनीति भी नहीं करना चाहिए। जबकि मुंबई 26/11 हमले के बाद नरेंद्र मोदी ताज होटल के नीचे खड़े होकर राजनीति कर रहे थे।
कांग्रेस सरकार और सेना के साथ है। हमले में घायल और मृतकों के परिवार के प्रति हमारी संवदेना है। चिंता इसलिए अधिक है कि 2014 से अब तक पुलिस और सैनिक ठिकानों पर 14 बड़े हमले हो चुके हैं।
बीते 41 दिन में 14 जवानों की मौत हुई है। जबकि चार सालों में 342 जवान वीर गति को प्राप्त हुए हैं। इस दौरान पाकिस्तान ने 2555 बार सीज फायर का उल्ल्घंन किया जो गहन चिंता का विषय है।