बांग्लादेशी वायुसेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान सोमवार को ढाका के उत्तरा क्षेत्र के दियाबारी इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिर गया था। इसके बाद विमान में आग लग गई थी। अब तक घटना में मरने वालों की संख्या 31 हो गई है और उनमें से 25 बच्चे हैं।
बांग्लादेश में सैन्य विमान हादसे में घायलों के इलाज के लिए भारत ने मंगलवार रात बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम ढाका भेजने की घोषणा की। ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार को मिलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज पर गिरे सैन्य विमान हादसे में 25 बच्चों समेत कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी।
छात्रों का उग्र प्रदर्शन
वहीं, मंगलवार को हादसे के विरोध में हजारों छात्रों ने सड़कों पर उतर कर विरोध जताया। मिलस्टोन स्कूल और आस-पास के अन्य स्कूलों के छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए मृतकों की सही जानकारी सार्वजनिक करने, पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और पुराने और असुरक्षित ट्रेनिंग विमानों के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
उच्च अधिकारियों को छात्रों का घेराव
वहीं अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकारों कानून सलाहकार आसिफ नजरुल, शिक्षा सलाहकार सीआर आबरार और प्रेस सचिव शफीकुल आलम जब घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे तो छात्रों ने उनका घेराव कर लिया। साथ ही जोरदार नारेबाजी भी की। बात इतनी बढ़ गई कि अधिकारियों को एक स्कूल भवन में शरण लेनी पड़ी। सेना और अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी के बावजूद छात्र काफी आक्रोशित रहे।