भारत-पाकिस्तान के बीच चार दिन की भीषण झड़प
बीते चार दिन की झड़प कई दशकों में भारत और पाकिस्तान के बीच सबसे खतरनाक टकराव रही। आशंका थी कि यह तनाव कहीं बड़ी सैन्य जंग में न बदल जाए। बता दें कि, भारत ने सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। भारत की यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में थी, जिसमें 26 पर्यटकों की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने लड़ाकू विमानों, ड्रोन और मिसाइलों से भारत के सैन्य ठिकानों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। इसके जवाब में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के आठ सैन्य ठिकानों को एयर स्ट्राइक कर भारी नुकसान पहुंचाया।
यह भी पढ़ें -
IND-PAk: रिहायशी इलाकों में मिसाइल-ड्रोन के टुकड़े, घरों को नुकसान...दहशत में लोग; ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट
अमेरिका ने लिया श्रेय, भारत ने किया खंडन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता से यह समझौता हुआ। लेकिन भारत ने इसे खारिज करते हुए कहा कि यह फैसला दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत से हुआ है, किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं रही। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी कड़ी नीति पर कायम है और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भारत ने ये भी साफ किया कि पाकिस्तान के खिलाफ पहले से लागू कड़े कदम जैसे सिंधु जल संधि का निलंबन, अटारी बॉर्डर को बंद करना और राजनयिक रिश्तों में कटौती जारी रहेंगे।
चार घंटे बाद टूटा संघर्ष विराम।
- फोटो : अमर उजाला
संघर्ष विराम पर भी बना संदेह
हालांकि दोनों देशों के ‘डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स’ (डीजीएमओ) के बीच बात कर यह तय हुआ कि शाम पांच बजे से दोनों देश जमीनी, हवाई और समुद्री सभी तरह की सैन्य कार्रवाई रोक देंगे। लेकिन शाम होते-होते पंजाब, गुजरात, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में ड्रोन देखे जाने की खबरें आईं, इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में धमाकों की कई आवाजें भी सुनी गईं। भारतीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान ने संघर्ष विराम की आड़ में फिर से उकसावे वाली हरकतें शुरू कर दी हैं। हालांकि, भारत ने फिलहाल कोई बड़ा जवाबी हमला नहीं किया, ताकि हालात और न बिगड़ें। वहीं पाकिस्तान की इस हरकत से संघर्ष विराम पर संशय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें -
पाकिस्तान बेनकाब: दुनिया में 50 से ज्यादा मुस्लिम देश, सिर्फ तुर्किये-अजरबैजान ही क्यों PAK के साथ; यहां समझें
भारत की पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई
- फोटो : Amar Ujala
भारत की मुंहतोड़ कार्रवाई से पाकिस्तान को भारी नुकसान
भारतीय सेना की संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया गया कि पाकिस्तान को इस लड़ाई में भारी नुकसान हुआ है। उसके कई अहम एयरबेस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। पाकिस्तान की हवाई सुरक्षा कमजोर हो गई है और उसके सैन्य ढांचे को बड़ा झटका लगा है। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के रफीकी, मुरिद, चकला, रहीम यार खान, सुक्कुर, चूनियां, पसरुर और सियालकोट में मौजूद सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए। सेना ने कहा कि पाकिस्तान की हर उकसावे की कार्रवाई का भारत ने जोरदार जवाब दिया है और आगे भी देगा। इस दौरान भारतीय सेना ने ये भी बताया कि पाकिस्तान की तरफ से किए गए सभी दावे झूठे हैं और वो एक प्रोपेगेंडा के तहत भारत के सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाने की बात कहकर झूठ फैलाने में जुटा हुआ है।
भारत सतर्क लेकिन संयमित
भारतीय सेना और वायुसेना अधिकारियों ने कहा कि भारत संघर्ष विराम का पालन करेगा, लेकिन किसी भी हरकत का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान की हर दुस्साहसिक कोशिश को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। अब तक भारत ने संयम बरतते हुए अपनी कार्रवाई को जिम्मेदारी से अंजाम दिया है।