चुनाव आयोग ने चार चरणों के मतदान के बारे में कहा, 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 379 सीटों पर 97 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 45.1 करोड़ ने डाले वोट। चुनाव आयोग ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले चार चरणों में कुल 66.95 फीसदी मतदान हुआ। चार चरणों में करीब 97 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 45.1 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही आयोग ने लोगों से आगामी चरणों में मतदान के लिए बड़ी संख्या में बाहर निकलने का आह्वान किया है। चुनाव आयोग के बयान के अनुसार, 13 मई को हुए चौथे चरण में मतदान 69.16 प्रतिशत हुआ, जो 2019 के संसदीय चुनावों में इसी चरण की तुलना में 3.65 प्रतिशत अंक अधिक है।
23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 379 सीटों पर मतदान
तीसरे चरण में मतदान का आंकड़ा 65.68 प्रतिशत रहा जबकि 2019 में तीसरे चरण में 68.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। 26 अप्रैल को हुए चुनाव के दूसरे चरण में 66.71 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि 2019 के दूसरे चरण में 69.64 प्रतिशत मतदान हुआ था। मौजूदा आम चुनाव के पहले चरण में 66.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और 2019 के चुनाव में पहले चरण में 69.43 फीसदी मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव के पहले चार चरणों में 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 379 सीटों पर मतदान हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि संसदीय चुनाव के शेष तीन चरणों में मतदाताओं को सूचित करने, प्रेरित करने और सुविधा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को कदम उठाने के लिए कहा गया है।
केरल में बचाई गई ब्रिटिश नागरिक की जान
भारतीय तटरक्षक बल ने कोच्चि तट से दूर एक विदेशी जहाज में ब्रिटिश चालक दल के गंभीर रूप से बीमार सदस्य को वक्त पर चिकित्सा सुविधा पहुंचा कर उसकी जान बचाई। रक्षा विभाग ने बताया कि बुधवार रात लगभग 9 बजे यूनाइटेड किंगडम एमआरसीसी ने मुंबई के मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को चिकित्सा आपात संदेश भेजा। बताया जाता है कि दुबई से मुआरा की तरफ जा रहे जहाज एनवेल प्वाइंट के चालक दल के सदस्य केनेथ हिलर (62) के गंभीर बीमार होने की जानकारी दी गई। इस पर मेडिकल टीम को जहाज से भेजकर मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब मरीज की हालत स्थिर बनी हुई है।
बस ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया; दो वाहनों की भिड़ंत
तमिलनाडु के मदुरनथकम में बुधवार रात एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि चेन्नई-त्रिची राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और लॉरी की टक्कर हुई। इसमें 15 लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा तब हुआ, जब लॉरी से आगे निकलने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान बस ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। इस घटना में घायल हुए लोगों को चेंगलापट्टू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बंगाल: कार और बस में भिडंत, चार की मौत, सीएम ने किया मुआवजे का एलान
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर में गुरुवार को एक कार और एक बस में भीषण टक्कर हुई। इस घटना में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। बंगाल की सीएम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को मुआवजा देगी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह सात बजकर 15 मिनट पर मारीशदा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग ( एनएच) 116 पर हुई। दीघा से आ रही कोलकाता जाने वाली बस और विपरीत दिशा से आ रही कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि कार में सवार चारों लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि वह जांच कर रही है कि कार चालक नशे में था या नहीं। इसे लेकर सीसीटीवी फुटेज की भी जांच करने की बात कही गई है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "मुझे यह जानकर दुख हुआ कि आज सुबह पूर्व मेदिनीपुर के मारीशदा में एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मैं पीड़ितों के परिवारों, रिश्तेदारों और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। जिला प्रशासन हरसंभव मदद प्रदान करेगा। राज्य सरकार पीड़ितों के परिवारों को वित्तीय मुआवजा भी प्रदान करेगी।"
भारतीय तटरक्षक बल ने बीमार बुजुर्ग को बचाया
भारतीय तटरक्षक बल ने गुरुवार को कोच्चि के करीब समुद्र से एक बीमार पड़े बुजुर्ग को बचाया। बताया गया है कि तटरक्षक बल के सी-410 जहाज के जरिए चालक दल के बुजुर्ग सदस्य को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उन्हें एर्नाकुलम के रेनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया और चिकित्सा प्रबंधन भी किए गए।
बंगाल बॉर्डर पर बीएसएफ ने पकड़े सोने के बिस्किट, शख्स गिरफ्तार
बीएसएफ की 61वीं बटालियन की एक टुकड़ी ने भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर पूर्वी बंगाल फ्रंटियर के रायगंज सेक्टर में एक भारतीय शख्स को तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया। बताया गया है कि जिन्नत अली मोंडल सोने के बिस्किट के साथ अस्थायी फेंसिंग को पार कर रहा था। बीएसएफ की सर्च पार्टी ने इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1039 ग्राम के नौ सोने के बिस्किट मिले हैं।
सीबीआई में अतिरिक्त निदेशक बने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ए वाई वी कृष्णा और एन वेणु गोपाल को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। असम-मेघालय कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्णा वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में महानिरीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि उन्हें 6 अगस्त 2028 तक के कार्यकाल के लिए सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृष्णा के बैचमेट वेणु गोपाल (हिमाचल प्रदेश कैडर) वर्तमान में सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आदेश में कहा गया कि वेणु गोपाल को 24 मई 2027 तक के कार्यकाल के लिए सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
असम: एआईयूडीएफ ने अपने दो विधायकों को नोटिस जारी किया
ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने अपने विधायकों निजाम उद्दीन चौधरी और सुजाम उद्दीन लस्कर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। दोनों को लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि दोनों ने करीमगंज लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के लिए काम किया और कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद एआईयूडीएफ खत्म हो जाएगी।
तमिनाडु में पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट, एक कर्मचारी की मौत
तमिलनाडु के सलेम जिले में एक पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 45 वर्षीय एक कर्मचारी की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद देने का निर्देश दिया है। पटाखा निर्माण इकाई सलेम जिले के कदम्बुर गांव से संचालित होती थी। यह विस्फोट 16 मई को शाम 5 बजे के आसपास हुआ, जिससे श्रमिक की तत्काल मौत हो गई।
जाजपुर में खदान ढहने से 1 की मौत
ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार को काले पत्थर की एक खदान ढह गई, जिसमें एक श्रमिक की मौत हो गई। तीन लोग अभी भी फंसे हुए हैं। दुर्घटना धर्मशाला पुलिस थाना क्षेत्र के धनकारी में हुई। अधिकारी की मानें तो तीन मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उन्हें बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
महाराष्ट्र: भंडारा खाने से 90 लोग बीमार, अस्पताल में कराया भर्ती
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक मंदिर के बाहर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 90 लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा, यह घटना बुधवार शाम को नायगांव में हुई। यहां शिव मंदिर के बाहर भंडारे में भक्तों को आंबील (दलिया) और खीर दी गई थी, लेकिन कुछ देर बाद लोगों को चक्कर आने लगे और उल्टी होने लगी। सभी मरीजों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।
भारत-म्यांमार सीमा की बाड़बंदी के विरोध में निकाली गई रैली
भारत-म्यांमार सीमा की बाड़बंदी और मुक्त आवाजाही व्यवस्था (एफएमआर) को खत्म करने के केंद्र के फैसले पर बृहस्पतिवार को मिजोरम में हजारों लोगों ने रैलियां निकालकर विरोध जताया। रैली के आयोजक जो री-यूनिफिकेशन ऑर्गनाइजेशन (जोरो) ने बताया कि म्यांमार की सीमा से लगे चंफाई जिले के जोखावथर और वाफई गांवों में आयोजित रैलियों में भारत और म्यांमार के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। जोरो के महासचिव एल रामदीनलियाना रेंथली ने बताया कि रैली में 7,000 प्रदर्शनकारियों ने भाग लिया।
क्यों संवेदनशील है सीमा?
मिजोरम म्यांमार के चिन राज्य के साथ 510 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है और मिजो लोग चिन समुदाय के लोगों के साथ जातीय संबंध साझा करते हैं। म्यांमार के चिन राज्य के 34,000 से अधिक लोग मिजोरम में शरण लिए हुए हैं। जोरो असल में भारत, बांग्लादेश और म्यांमार में बसे चिन, कुकी, मिजो और जोमि जनजातियों के क्षेत्रों का एकीकरण कर एकल प्रशासनिक ईकाई में लाना चाहता है।
ममता का यू-टर्न, कहा- कई लोगों ने गलत समझा, मैं INDIA में हूं और रहूंगी
सत्ता में आने पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को बाहर से समर्थन देने की घोषणा के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यू-टर्न लेते हुए कहा, अखिल भारतीय स्तर पर कई लोगों ने मुझे गलत समझा है। बनर्जी ने तमलुक में एक रैली में कहा, बंगाल में कोई गठबंधन नहीं है लेकिन मैंने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया। हम उस गठबंधन के साथ सरकार बनाएंगे। बनर्जी ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल माकपा और कांग्रेस दोनों की पश्चिम बंगाल इकाइयों ने हाथ मिला लिया है और राज्य में भाजपा की मदद कर रही हैं।
मुझे ममता पर भरोसा नहीं: अधीर
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, मुझे सीएम ममता पर भरोसा नहीं है। वह गठबंधन छोड़कर भाग गईं। वह भाजपा की तरफ भी जा सकती हैं। वह कह रही थीं कि कांग्रेस को 40 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी लेकिन अब वह गठबंधन में शामिल होने की बात कह रही हैं। इसका मतलब है कि गठबंधन सत्ता में आ रहा है।
ममता डर गईं हैं: शुभेंदु
सीएम ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पलटवार करते हुए कहा, मिलीजुली सरकार को बाहरी समर्थन की प्रथा देश में कहीं नहीं है। ममता बनर्जी डर गईं हैं और वह इस तरह की बयानबाजी कर रही हैं।
टेक महिंद्रा के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट विनीत अय्यर का निधन
टेक महिंद्रा के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट विनीत नैय्यर का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है। नैय्यर ने 2009 में महिंद्रा द्वारा सत्यम को खरीदने की डील में प्रमुख भूमिका निभाई थी। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने विनीत नैय्यर के निधन पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि विनीत नैय्यर के निधन की खबर साझा करते हुए मुझे दुख हो रहा है। विनीत भारतीय व्यापार परिदृश्य में जीवन से भी बड़ी हस्ती थे। महिंद्रा ने कहा, विनीत, आपकी बुद्धिमत्ता, आपके नेतृत्व और अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा महिंद्रा समूह को समर्पित करने के लिए धन्यवाद। आनंद महिंद्रा ने विनीत नैय्यर के साथ अपनी एक फोटो भी शेयर की है। विनीत नैय्यर का जन्म 1939 में हुआ था।