मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने पर संयुक्त राष्ट्र की मुहर लगने के बाद पाकिस्तान पर दबाव बनाने की अपील की है। राकांपा के नेता माजिद मेमन ने कहा कि भारत के लिए अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इरादों को बेनकाब करने का वक्त आ गया है। वहीं कांग्रेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को अब अपनी समिति की रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान से जवाब तलब करना चाहिए।
मेमन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘भारत सरकार को नवाज शरीफ उसकी सरकार को पूरी तरह बेनकाब करना चाहिए। अब इस बात के पर्याप्त सबूत मिल गए हैं कि पाकिस्तान इस आदमी (दाऊद इब्राहिम) को संरक्षण दे रहा है। लिहाजा निस्संदेह यह भी साबित हो गया है कि आतंकी गतिविधियों को वे लोग समर्थन कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमेशा इससे इनकार करता रहा है और भारत के सौंपे डोजियर, साक्ष्य और दस्तावेज को उसने कभी तवज्जो भी नहीं दी।
उधर, कांग्रेस नेता मीम अफजल ने कहा कि इस मामले पर संयुक्त राष्ट्र की समिति की रिपोर्ट सही है तो उसे संज्ञान लेना चाहिए। इस मामले में सिर्फ भारत ही पाकिस्तान से जवाब तलब नहीं कर सकता। अब तो संयुक्त राष्ट्र भी उससे दाऊद के बारे में पूछताछ कर सकता है।