विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल जमीनी हकीकत का आकलन करने के लिए हिंसा प्रभावित मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मणिपुर में जातीय संघर्ष भारत की छवि को खराब कर रहा है। इसे समाप्त करने के लिए सभी दलों को एक शांतिपूर्ण समाधान खोजने की कोशिश करनी होगी।
भाजपा कर रही महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ : राहुल
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा, सत्ता के लालच में भाजपा महिला सम्मान और देश के स्वाभिमान के साथ खिलवाड़ कर रही है। फेसबुक पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वीडियो में मणिपुर में दो महिलाओं से बर्बरता, उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाने, बृजभूषण शरण सिंह के महिला पहलवानों का कथित यौन उत्पीड़न, उत्तराखंड में एक महिला की हत्या, जिसमें भाजपा नेता के बेटे को आरोपी बनाया गया है, जैसी घटनाओं का हवाला दिया गया है। इसमें बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म मामले में दोषियों की रिहाई का जिक्र भी किया गया है।
मणिपुर में हालात भड़काने से बाज आए विपक्ष: भाजपा
भाजपा ने विपक्षी दलों के मणिपुर दौरे की आलोचना करते हुए कहा कि मणिपुर की स्थिति खराब करने से बाज आएं। पार्टी ने आरोप लगाया कि संसद में हंगामा के बाद अब राज्य में विपक्ष हंगामा कराने की ताक में है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर ने प्रसाद ने कहा कि उन्हें विपक्षी नेताओं के हिंसाग्रस्त मणिपुर जाने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें वहां स्थिति को भड़काना नहीं चाहिए। भाजपा के सांसद रवि किशन ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान और चीन भी जाना चाहिए, जहां उनकी बहुत मांग है। उन्होंने कहा कि संसद वाला तनाव वे वहां भी पैदा करना चाहते हैं। लेकिन मुद्दे की संवेदनशीलता को उन्हें समझना चाहिए।