कोरोना की दूसरी लहर ने देश में गंभीर स्थिति उत्पन्न कर दी है। हर कोई डरा हुआ है। शायद ही ऐसा कोई है जिसके सगे-संबंधी या दोस्तों में कोई कोरोना पॉजिटिव न हो। ऐसे हालात के बीच दिल्ली में एक हास्यास्पद स्थिति नजर आ रही है, जिसकी देश ही नहीं विदेशों में भी आलोचना हो रही है।
कोरोना संक्रमण से महाराष्ट्र के बाद देश की राजधानी दिल्ली की स्थिति भी गंभीर है। कोरोना की दूसरी लहर ने केजरीवाल सरकार के सारे दावों की धज्जियां उड़ा दी है। हाईकोर्ट भी इसे लेकर केजरीवाल सरकार को फटकार लगा चुका है। इन सबके बीच दिल्ली के मध्य क्षेत्र में बहादुर शाह जफर मार्ग पर एक तरफ अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडिमय में आईपीएल का रोमांच चल रहा है। जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर टी-20 मैच के रोमांच से लोगों को आनंदित कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर दिल्ली के सबसे बड़े कोविड अस्पतालों में से एक लोक नायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल है, जहां हर रोज कोरोना संक्रमितों की जान ऑक्सीनजन की कमी की वजह से जा रही है। कुछ दिन पहले एलएनजेपी अस्पताल ने कहा था कि हमारे पास मात्र दो घंटे ऑक्सीजन आपूर्ति का स्टॉक बचा हुआ है, जिसके बाद मरीजों के तीमारदारों के बीच हड़कंप मच गया था, वहीं इस अस्पताल में बेड की कमी की वजह से मरीजों को बेड साझा करने पर जोर दिया जाता है।
दिल्ली शहर में कोविड-19 की भीषण नई लहर से सबकुछ तबाह हो रहा है, रोज सैकड़ों लोगों की मौतें हो रही हैं, दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। इन सबके बीच आईपीएल क्रिकेट जारी रखने के 'विचित्र' फैसले पर देशवासियों ने रोष के साथ प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
जैसा कि दिल्ली में रोज सैकड़ों लोग इलाज के दौरान दम तोड़ रहे हैं, चारों ओर सैकड़ों लोग अस्पताल में बिस्तर की तलाश में हैं और महामारी से बचने के लिए डॉक्टरों से जिंदगी की गुहार लगा रहे हैं ऐसे में भारतीय क्रिकेट जगत के सितारे रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह गुरुवार को मैदान में चौके-छक्के की बरसात कर लोगों को रोमांचित करते नजर आए। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।