देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 15 लाख को पार कर गया है। बुधवार को कोरोना के 48,513 नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, यह लगातार सातवां दिन है जब कोविड-19 के एक दिन में 45,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
बुधवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 768 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 34,193 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 15,31,669 हो गए हैं, जिनमें से 5,09,447 लोगों का उपचार चल रहा है और 9,88,030 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। वहीं 64.51 प्रतिशत लोग इस वैश्विक महामारी से उबर चुके हैं, 2.23 प्रतिशत लोगों की मौत हो चुकी है और 33.26 प्रतिशत अभी सक्रिय हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में चार लाख आठ हजार से ज्यादा नमूनों की जांच हुई
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 28 जुलाई तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 1,77,43,740 है। जिनमें से 4,08,855 नमूनों का परीक्षण मंगलवार को ही किया गया है। हालांकि पिछले दिनों की अपेक्षा परीक्षण में भारी कमी आई है।