देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। देश में मृतकों का आंकड़ा 32 हजार को पार कर गया है। रविवार को कोरोना के 48,661 नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, यह लगातार चौथा दिन है जब कोविड-19 के एक दिन में 45,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
रविवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 705 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 32,063 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 13,85,522 हो गए हैं, जिनमें से 4,67,882 लोगों का उपचार चल रहा है और 8,85,577 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। वहीं 63.92 प्रतिशत लोग इस वैश्विक महामारी से उबर चुके हैं।
बीते 24 घंटों में जिन 705 लोगों की मौत हुई उनमें से 257 की महाराष्ट्र, 89 की तमिलनाडु, 72 की कर्नाटक, 52 की आंध्र प्रदेश, 42 की पश्चिम बंगाल, 39 की उत्तर प्रदेश, 29 की दिल्ली, 22 की गुजरात, 14 की बिहार, 12 की झारखंड, 11 की राजस्थान और 10 लोगों की मौत ओडिशा में हुई।
पंजाब और जम्मू कश्मीर में नौ, मध्यप्रदेश में आठ, हरियाणा में सात, केरल में पांच, गोवा में चार, छत्तीसगढ़, पुदुचेरी, उत्तराखंड और नगालैंड में तीन-तीन जबकि असम और लद्दाख में एक-एक मरीज ने इस संक्रामक रोग के कारण जान गंवाई।
पिछले 24 घंटे में चार लाख 42 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच हुई
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 25 जुलाई तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 1,62,91,331 है। जिनमें 4,42,263 नमूनों का परीक्षण शनिवार को ही किया गया है।