भारत और चीन ने आतंकवाद से मुकाबले की कवायद के तहत सुरक्षा एवं सहयोग बढ़ाने के लिए मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक की। दोनों देशों के अधिकारियों ने इस पहली उच्च स्तरीय वार्ता में आतंकवाद से मुकाबले के लिए कानून और नीतियों पर सूचनाओं को साझा किया और कुछ महत्वपूर्ण सहमति बनी।
बीजिंग में आतंकवाद से मुकाबले और सुरक्षा पर आयोजित पहली भारत-चीन उच्च स्तरीय वार्ता में दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक की सह-अध्यक्षता संयुक्त अन्वेषण समिति के चेयरमैन आरएन रावी और चीन के केंद्रीय राजनीतिक एवं विधि मामलों के आयोग के महासचिव वांग यांगकिंग ने की।
भारतीय दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, दोनों अधिकारियों ने आतंकवाद से मुकाबले के लिए संबंधित नीतियों, तंत्र और कानून पर सूचनाओं का साझा किया और दोनों पक्षों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आपसी समझ बढ़ाने पर सहमति बनी। आतंकवाद से मुकाबले के लए दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग एवं सुरक्षा बढ़ाने पर भी चर्चा की।