सूत्रों के मुताबिक दूसरे चरण में पैंगोंग त्सो पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। वहां फिंगर क्षेत्र 4 से कुछ चीनी सैनिक पीछे हटे हैं। भारत लगातार जोर देता रहा है कि चीन फिंगर 4 और 8 के बीच से अपनी पूरी सेना हटाए। इसे लेकर कमांडर स्तर की चौथे दौर की बातचीत अगले दो-तीन दिनों में होगी। अगले कुछ दिनों में दोनों सेनाएं एलएसी पर सैनिकों की वापसी की समीक्षा करेंगी।
जब तक पूरे चीनी सैनिक नहीं हट जाते तब तक सख्त रुख कायम रहेगा
सेना के सूत्रों ने कहा है कि जब तक चीन का एक एक सैनिक सभी इलाकों से पीछे नहीं हट जाता भारतीय सेना कड़े रुख पर कायम रहेगी और दबाव बनाना बंद नहीं करेगी।
सीमा पर हालात स्थिर : चीन
हॉट स्प्रिंग में पेट्रोलिंग पॉइंट-17 से पीछे हटने के बाद चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने गुरुवार को कहा कि सीमा पर हालात स्थिर हैं और सुधार हो रहा है। दोनों देशों की सेनाओं ने गलवां घाटी समेत एलएसी के अन्य क्षेत्रों में विवाद को खत्म करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। दोनों पक्षों के बीच सैन्य और कूटनीतिक स्तर की बातचीत जारी रहेगी और सीमा पर शांति कायम करने के प्रयास जारी रहेंगे।