सूत्रों के मुताबिक, चीन डेपसांग से करीब 35 किलोमीटर दूर दौलत बेग ओल्डी में वायुसेना ठिकाने पर भारत की मजबूत हवाई तैनाती पर भी विरोध जता रहा है। गौरतलब है कि चीन ने 2013 में भी डेपसांग में अपनी तैनाती बढ़ा दी थी। करीब तीन महीने की कूटनीतिक और सैन्य बातचीत के बाद हालात सामान्य हुए थे। इस इलाके में दोनों देशों के एलएसी के दावे में करीब 8 से 10 किमी का फर्क है। वहीं, पूर्वी लद्दाख के पैंगोंग और गोगरा में गतिरोध बना हुआ है। कोर कमांडर स्तर पर पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, मगर अब तक कोई ठोस हल नहीं निकला है।
क्या चीनी आक्रमण का सत्य बताकर असत्य की गंदगी साफ करेंगे पीएम: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीन की घुसपैठ से संबंधित जानकारी रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट में डालने और फिर हटा लेने पर मोदी सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है ये संयोग नहीं, मोदी सरकार का लोकतंत्र विरोधी प्रयोग है। राहुल ने ट्वीट कर कहा जब जब देश भावुक हुआ, फाइलें गायब हुईं।
माल्या हो या राफेल, मोदी या चोकसी। गुमशुदा लिस्ट में लेटेस्ट हैं चीनी अतिक्रमण वाले दस्तावेज। वहीं, बाद में एक और ट्वीट में राहुल ने पीएम के गंदगी भारत छोड़ो संकल्प दोहराने की अपील पर कहा, क्यों नहीं! हमें तो एक कदम आगे बढ़कर, देश में लगातार बढ़ती असत्य की गंदगी भी साफ करनी है। क्या प्रधानमंत्री चीनी आक्रमण का सत्य देश को बताकर इस सत्याग्रह की शुरुआत करेंगे?