फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India China News Live Updates: शहीद कर्नल संतोष बाबू का पार्थिव शरीर सूर्यपुरी स्थित आवास पर पहुंचा

Thu, 18 Jun 2020 07:36 AM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

  • पीएम मोदी ने कहा- कोई भ्रम में न रहे, जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा
  • लद्दाख सीमा पर शहीद 20 जवानों की सूची जारी, लद्दाख में दी गई श्रद्धांजलि
  • पीएम मोदी ने 19 जून को शाम 5 बजे बुलाई सर्वदलीय बैठक 
  • तनाव के बीच वायुसेना अलर्ट पर, कई एयरबेस सक्रिय मोड में आए
  • लद्दाख में सेना को स्पेशल पावर दी गई है, साथ ही एलएसी पर बढ़ाए गए और जवान  
  • गलवां घाटी में चीन के साथ झड़प में भारत के कम से कम 20 जवान शहीद
  • एलएसी पर झड़प में चीन के 43 सैनिकों की या तो मौत हुई या गंभीर रूप से घायल
  • हिंसक झड़प में चीनी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर की मौत हुई है
  • राजनाथ सिंह की तीनों सेना प्रमुखों और सीडीएस जनरल रावत के साथ बैठक
विज्ञापन
लद्दाख की ताजा तस्वीर, शहीदों की दी गई श्रद्धांजलि - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:08 AM, 18-Jun-2020

शहीद हवलदार सुनील कुमार का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया

शहीद हवलदार सुनील कुमार का पार्थिव शरीर पटना स्थित उनके आवास पर देर रात लाया गया। बता दें कि शहीद हवलदार सुनील कुमार गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में शहीद हो गए थे।

03:59 AM, 18-Jun-2020

शहीद कर्नल संतोष बाबू का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया

16वीं बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर शहीद कर्नल संतोष बाबू का पार्थिव शरीर तेलंगाना के सूर्यपुरी स्थित उनके आवास पर देर रात लाया गया। बता दें कि कर्नल संतोष बाबू गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में शहीद हो गए थे।

01:06 AM, 18-Jun-2020

विदेश मंत्रालय ने कहा- चीन के दावे समझ से परे

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि समग्र परिस्थिति को जिम्मेदार तरीके से संभाला जाना चाहिए और 6 जून को वरिष्ठ कमांडरों के बीच जो भी समझौता हुआ, उसे ईमानदारी से लागू किया जाना चाहिए। अतिरंजित और अस्थिर दावे करना समझ से परे है।

विज्ञापन
11:49 PM, 17-Jun-2020

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनी ने भारत और चीन मध्यस्थता पर दिया जवाब 

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायले मैकनी से जब मीडिया ने पूछा कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, भारत और चीन के बीच मध्यस्थता करेंगे?  तब उन्होंने कहा कि अभी ऐसी कोई योजना नहीं है।

इससे पहले उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमने भारतीय सेना के बयान को देखा है कि टकराव के परिणामस्वरूप 20 भारतीय सैनिकों की मृत्यु हो गई और हम उस पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

10:56 PM, 17-Jun-2020

देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : एस नायक

राज्य रक्षा मंत्री एस नायक ने भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बारे में कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया हाएगा। मैं सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश को उन पर गर्व है। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। यह चीन की सुनियोजित चाल थी। भारतीय बल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। 

विज्ञापन
10:18 PM, 17-Jun-2020

शहीद होने वाले सैनिकों में एक छत्तीसगढ़ से

लद्दाख में भारत और चीन के बीच हुई हिंसक झड़प में शहीद होने वाले 20 सैनिकों में से एक छत्तीसगढ़ के गणेश राम कुंजाम भी थे। कांकेर के रहने वाले कुंजाम ने साल 2011 में सेना ज्वाइन की थी और एक महीने पहले ही उनकी तैनाती भारत-चीन सीमा पर हुई थी। कुंजाम के चाचा ने बताया है कि उनका पार्थिव शरीर गुरुवार शाम तक गांव पहुंच जाएगा।  

08:58 PM, 17-Jun-2020

गलवां घाटी में भारत-चीन के बीच वार्ताओं का कोई परिणाम नहीं 

गलवां घाटी में भारत और चीन के बीच मेजर जनरल स्तर की वार्ताएं समाप्त हो गई हैं। सूत्रों ने बताया कि इन वार्ताओं का कोई परिणाम नहीं निकला है क्योंकि जमीनी स्तर पर अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है। सूत्रों ने कहा कि आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच और वार्ताएं होंगी।
 
 

08:39 PM, 17-Jun-2020

प्रधानमंत्री मोदी से मिले रक्षा मंत्री राजनाथ

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। 
 

08:09 PM, 17-Jun-2020

झड़प में घायल हुए चार भारतीय सैन्य अधिकारी अब खतरे से बाहर

बीते सोमवार को लद्दाख में एलएसी पर भारत-चीन सैनिकों के बीच हुई हिंसक भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय सेना के चार अधिकारी अब खतरे से बाहर हैं। सेना के सूत्रों से यह जानकारी मिली है। 

08:07 PM, 17-Jun-2020

शहीद हुए ओडिशा के दो जवानों के परिजनों के 25-25 लाख रुपये देने का एलान

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एलान किया है कि गलवां घाटी में शहीद हुए राज्य के दो जवानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि पटनायक ने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

07:47 PM, 17-Jun-2020

भारत में रूस के राजदूत ने भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की वार्ता को आशाजनक बताया

भारत में रूस के राजदूस निकालाइ कुदाशेव ने कहा है कि हम एलएसी पर तनाव कम करने के हर कदम का स्वागत करते हैं। भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की वार्ता और आशावादी रहने का हम स्वागत करते हैं। आरआईसी (रूस-भारत-चीन) का अस्तित्व एक अविवादित सच्चाई है, जो दुनिया के नक्शे पर स्पष्ट रूप से विद्यमान है। त्रिपक्षीय सहयोग की वर्तमान स्थिति के मुताबिक अभी इसके रुकने के कोई आसार नहीं हैं।

07:32 PM, 17-Jun-2020

वायुसेना अलर्ट, कई एयरबेस सक्रिय

लद्दाख में एलएसी पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक भिड़ंत के बाद बढ़ते तनाव के बीच वायुसेना अलर्ट पर आ गई है। जानकारी के मुताबिक श्रीनगर, लेह और चंडीगढ़ एयरबेस सक्रिय मोड में आ गए हैं। 

07:06 PM, 17-Jun-2020

इस वक्त हमें एकजुट होने की जरूरत 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मौजूदा स्थिति पर कहा कि यह समय एकजुट होने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 जून को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस पर प्रतिक्रिया जताते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'हमें अपने देश पर गर्व है, हम इस स्थिति से एकजुट होकर निपटेंगे। हम इस समय देश के साथ खड़े हैं।'
 

06:54 PM, 17-Jun-2020

ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने किया शहीदों को नमन

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने कहा, हमने सीमा पर तनाव कम करने के लिए भारत के प्रयासों को देखा है और हमारी संवेदना शहीदों के परिजनों के साथ है। एक सैन्य अधिकारी का पिता होने के नाके मुझे पता है कि देश की रक्षा में एक सैनिक का बलिदान कितना अहम होता है। 

06:39 PM, 17-Jun-2020

राष्ट्रपति कोविंद ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गलवां घाटी में चीन के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'सशस्त्र बलों के सुप्रीम कमांडर के रूप में, मैं देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए हमारे सैनिकों के अनुकरणीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करता हूं। उन सभी लोगों ने, जिन्होंने गलवां घाटी में बलिदान दिया, भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वश्रेष्ठ परंपराओं को बरकरार रखा है।'

06:36 PM, 17-Jun-2020

भारत-चीन के बीच स्थितियों पर बोले रूस के विदेश मंत्री

गलवां घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति को लेकर रूस के विदेश मंत्री सर्गी लेवरोव ने कहा है कि यह पहले ही घोषणा की जा चुकी है कि भारत और चीन के सैन्य प्रतिनिधियों ने संपर्क किया है, वे इस स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं, इसे समाप्त करने के उपायों पर चर्चा कर रहे हैं। हम इसका स्वागत करते हैं।

06:34 PM, 17-Jun-2020

बिहार : शहादत को सलाम

गलवां घाटी क्षेत्र में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में शहीद हुए बिहार के जवान सुनील कुमार के लिए पटना एयरपोर्ट पर माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  इस दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, राज्य में भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल और राजद नेता तेजस्वी यादव मौजूद थे।
 

06:30 PM, 17-Jun-2020

शहीद जवानों को आरएसएस ने दी श्रद्धांजलि, चीन की निंदा की

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गलवां घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प की निंदा की है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि देश की प्रभुसत्ता, अखंडता और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए लद्दाख के गलवां घाटी क्षेत्र में वीरगति को प्राप्त करने वाले सैनिकों को संघ नमन करता है।

उन्होंने कहा कि सैनिकों के परिजनों के लिए हम देशवासियों की ओर से सांत्वना प्रकट करते हैं। चीन की सरकार और सेना के इस आक्रामक व हिंसक कृत्य की कठोर निंदा करते हैं। संकट की इस घड़ी में हम सभी देशवासी भारत सरकार और सेना के साथ हैं। 

06:19 PM, 17-Jun-2020

पंजाब के सीएम ने किया शहीदों के परिवार के लिए मुआवजे का एलान

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एलान किया है कि गलवां घाटी में शहीद हुए राज्य के नायब सूबेदार मनजीप सिंह और नायब सूबेदार सतनाम सिंह को 12-12 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, सिपाही गुरतेज सिंह और गुरबिंदर सिंह के परिवार को सरकारी नौकरी के साथ 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह फैसला राज्य की नीतियों के आधार पर उनकी वैवाहिक स्थिति को देखते हुए लिया गया है।

05:39 PM, 17-Jun-2020

बदलना नहीं चाहता चीन : जयशंकर

फोनवार्ता के दौरान जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष से कहा कि उनकी कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि वह यथास्थिति को नहीं बदलना चाहते हैं और सभी समझौतों का उल्लंघन कर जमीनी तथ्य बदलना चाहते हैं। जयशंकर ने यह भी कहा कि सैनिकों को एलएसी का सम्मान करना चाहिए और इससे छेड़छाड़ वाली कोई एकतरफा कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। 

05:25 PM, 17-Jun-2020

गलवां घाटी घटना का भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ेगा असर : जयशंकर

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष से फोनवार्ता के दौरान इस बात को रेखांकित किया कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर इस घटनाक्रम का गंभीर प्रभाव पड़ेगा।  

विदेश मंत्रालय ने कहा, दोनों पक्षों को उस सहमति का गंभीरता और ईमानदारी से पालन करना चाहिए, जिसपर दोनों पक्षों के सैन्य कमांडर छह जून को सहमत हुए थे। दोनों पक्षों की सेनाओं को द्विपक्षीय सहमति और प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। उन्हें एलएसी का सम्मान करना चाहिए और ऐसी कोई भी एकतरफा कार्रवाई नहीं करनी चाहिए जिससे इसपर प्रभाव पड़े। 

मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच हुई फोनवार्ता में यह निर्णय लिया गया कि इस स्थिति को जिम्मेदार तरीके से संभाला जाएगा और दोनों पक्ष ईमानदारी से छह जून की सहमति को लागू करेंगे। दोनों पक्ष द्विपक्षीय समझौते और प्रोटोकॉल के अनुसार मामलों को आगे बढ़ाने और शांति सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कोई कार्रवाई नहीं करेंगे।

05:04 PM, 17-Jun-2020

भारत ने गलवां घटना के लिए चीन को जिम्मेदार बताया

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई फोन वार्ता के दौरान जयशंकर ने चीन को खरी-खरी सुनाई। जानकारी के मुताबिक जयशंकर ने वांग से स्पष्ट शब्दों में कहा कि गलवां घाटी में जो भी हुआ वह चीन की पूर्व नियोजित और सोची-समझी कार्रवाई थी। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के लिए चीन जिम्मेदार है। जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से सहमति व्यक्त की गई थी कि स्थितियों को जिम्मेदार तरीके से हल किया जाएगा और दोनों पक्ष छह जून की सेना पीछे हटाने की सहमति को ईमानदारी से लागू करेंगे। 

04:59 PM, 17-Jun-2020

सेना ने किया शहीदों को सलाम

भारतीय सेना ने कहा है कि जनरल एमएम नरवणे, चीफ ऑफ एयर स्टाफ समेत सभी गलवां में शहीद हुए जवानों को सलाम करते हैं। हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं और देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हम मजबूती से खड़े हैं।

04:45 PM, 17-Jun-2020

चीनी ने भारत से कहा- विवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित करें

चीनी विदेश मंत्रालय ने सीमा पर झड़प के बाद कहा है कि भारत और चीन दोनों विवाद सुलझाने के लिए उचित तरीका अपनाने पर सहमत हुए हैं। इसके साथ ही चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा भारत से कहा है कि वह उन लोगों को दंडित करे जिन्होंने यह विवाद शुरू किया।

04:38 PM, 17-Jun-2020

'भारत और चीन वार्ता के जरिए निकालें हल'

विदेशी मामलों और सुरक्षा नीतियों को लेकर यूरोपीय यूनियन के प्रवक्ता वर्जीनी बट्टू-हेनरिक्सन ने भारत-चीन विवाद को लेकर कहा है कि एलएसी पर भारत और चीन के बीच शुरू हुआ घटनाक्रम चिंताजनक है। हम दोनों पक्षों से संयम दिखाने और सेनाओं को पीछे करने की अपील करते हैं। दोनों देशों को वार्ता के जरिए विवाद का हल निकालना चाहिए।

04:32 PM, 17-Jun-2020

शहीद कुंदन की पत्नी ने कहा, मौत का बदला चाहिए

भारत-चीन सीमा की गलवां घाटी में भारत की ओर से शहीद हुए बीस सैनिकों में सहरसा से सटे गांव आरन के कुंदन यादव नाम के एक जवान भी शामिल हैं। कुंदन की पत्नी ने कहा, 'आखिरी बार 9 तारीख को उनसे बात हुई थी। उनकी मौत का बदला चाहिए।'
 

04:23 PM, 17-Jun-2020

चीनी विदेश मंत्री और जयशंकर ने की फोन पर बात

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बात की है। जानकारी के मुताबिक दोनों ने इस दौरान सीमा पर स्थिति को लेकर चर्चा की। सीमा पर दोनों देशों के बीच झड़प के बाद दोनों के बीच यह पहली वार्ता है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक फोनवार्ता के दौरान वांग ने जयशंकर से कहा कि भारत और चीन को उन महत्वपूर्ण सहमतियों का पालन करना चाहिए, जिन पर दोनों देशों के नेता सहमत हुए हैं। वांग ने जोर देते हुए कहा कि दोनों पक्षों को मतभेदों को सुलझाने के लिए मौजूदा तंत्र के माध्यम से संचार और समन्वय मजबूत करना चाहिए।

04:16 PM, 17-Jun-2020

बेटे की शहादत पर पिता ने कहा, पोतों को भी सेना में भेजूंगा

चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में शहीद हुए बिहार के जवान कुंदन कुमार के पिता ने देशभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की है। कुंदन के पिता का कहना है कि मेरे बेटे ने देश के लिए अपनी जान दे दी। मेरे दो पोते हैं, मैं उन्हें भी सेना में भेजूंगा। 
 
 

04:13 PM, 17-Jun-2020

पूरा देश जवानों के साथ : आनंद शर्मा

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा है कि ऐसे चुनौती भरे समय में भारत अपने सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है। इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि सभी तथ्य विपक्षी दलों के नेतृत्व और संसद के साथ साझा किए जाएं।

04:11 PM, 17-Jun-2020

शहीद हुए बंगाल के दो जवानों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और नौकरी

गलवां घाटी में शहीद होने वाले पश्चिम बंगाल के दो जवानों के परिजनों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच-पांच लाख रुपये और दोनों के परिवार से एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है।

04:08 PM, 17-Jun-2020

शब्दों में बयान नहीं कर सकते जवानों को खोने का दर्द : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, गलवां घाटी में हमारी मातृभूमि की रक्षा कर रहे हमारे बहादुर जवानों को खोने का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। देश हमारे अमर शहीदों को सलाम करता है जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उनकी बहादुरी यह दर्शाती है कि भारत अपनी भूमि के लिए कितना प्रतिबद्ध है। 

03:42 PM, 17-Jun-2020

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री ने गलवां घाटी में जान गंवाने वाले जवानों को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। 
 

03:24 PM, 17-Jun-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक शुरू हो गई है। बैठक की शुरुआत पीएम मोदी ने चीन सीमा पर हुई हिंसक झड़प में भारतीय जवानों की शहादत को सलाम किया। पीएम मोदी ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। किसी को भ्रम, संदेह नहीं होना चाहिए। उकसाए जाने पर भारत यथोचित जवाब देने में सक्षम है। भारत शांति चाहता है, लेकिन जवाब देना भी जानता है। भारत अपनी अखंडता से समझौता नहीं करेगा। हमारे जवान मारते-मारते मरे हैं।
 

03:05 PM, 17-Jun-2020

सीमा पर शहीद हुए जवानों के नामों की सूची

किस रेजिमेंट से कितने शहीद

16 बिहार रेजिमेंट: 12 शहीद
3 पंजाब रेजिमेंट: तीन शहीद
3 मीडियम रेजिमेंट: दो शहीद
12 बिहार रेजिमेंट: एक शहीद
81 माउंट बिग्रेड सिग्नल कंपनी: एक शहीद
81 फील्ड रेजिमेंट: एक शहीद

16 बिहार रेजिमेंट: 12 शहीद, इन राज्यों से थे 

  • सिपाही कुंदन कुमार - सहरसा, बिहार
  • सिपाही अमन कुमार - समस्तीपुर, बिहार
  • दीपक कुमार - रीवा, मध्यप्रदेश
  • सिपाही चंदन कुमार - भोजपुर, बिहार
  • सिपाही गणेश कुंजाम - सिंहभूम, पश्चिम बंगाल
  • सिपाही गणेश राम - कांकेर, छत्तीसगढ़
  • सिपाही केके ओझा - साहिबगंज, झारखंड
  • सिपाही राजेश ओरांव - बीरभूम, पश्चिम बंगाल
  • सिपाही सीके प्रधान - कंधमाल, ओडिशा
  • नायब सूबेदार नंदूराम - मयूरभंज, ओडिशा
  • हवलदार सुनील कुमार- पटना, बिहार
  • कर्नल बी. संतोष बाबू - हैदराबाद, तेलंगाना

3 पंजाब रेजिमेंट: तीन शहीद

  • सिपाही गुरतेज सिंह - मनसा, पंजाब
  • सिपाही अंकुश - हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश
  • सिपाही गुरविंदर सिंह - संगरूर, पंजाब

3 मीडियम रेजिमेंट: दो शहीद

  • नायब सूबेदार सतनाम सिंह - गुरदासपुर, पंजाब
  • नायब सूबेदार मनदीप सिंह - पटियाला, पंजाब

12 बिहार रेजिमेंट: एक शहीद

  • सिपाही जयकिशोर सिंह - वैशाली, बिहार

81 माउंट बिग्रेड सिग्नल कंपनी: एक शहीद

  • हवलदार बिपुल रॉय  - मेरठ, उप्र

81 फील्ड रेजिमेंट: एक शहीद

  • हवलदार के. पालानी - मदुरै, तमिलनाडु

02:48 PM, 17-Jun-2020

शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

भारत-चीन सीमा पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि। 
 

 

02:43 PM, 17-Jun-2020

गलवां घाटी में शहीद हुए ये 20 जवान

गलवां घाटी में शहीद हुए 20 जवानों के नामों की सूची जारी हुई।  
 

 

02:41 PM, 17-Jun-2020

शहीदों की सूची जारी



 

02:24 PM, 17-Jun-2020

शहीदों को श्रद्धांजलि

लद्दाख से ताजा तस्वीरें: चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए सैनिकों को लेह में सेना के अस्पताल में श्रद्धांजलि दी गई। 
 

 

02:12 PM, 17-Jun-2020

हिरासत में प्रदर्शनकारी

दिल्ली के तीन मूर्ति भवन के पास स्वदेशी जागरण मंच से जुड़े करीब 10 लोग चीन के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। 
 

02:01 PM, 17-Jun-2020

चीनी दूतावास के पास जुटे पूर्व सैनिक

नई दिल्ली में चीनी दूतावास के पास शहीद वेलफेयर एसोसिएशन का बैनर लिए 6-7 पूर्व सैनिक विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए। दिल्ली पुलिस ने इन्हें हट जाने को कहा जिसके बाद ये सभी चले गए। 
 

01:48 PM, 17-Jun-2020

चीन-भारत सीमा विवाद पर बुलाई गई बैठक

कांग्रेस की ओर से सरकार से लगातार सवाल पूछा जा रहा है कि वह देश को बताए कि लद्दाख सीमा पर क्या स्थिति है। किन हालात में 20 सैनिक शहीद हुए। वहीं, शिवसेना, बीजद  सहित अन्य दलों ने सरकार के हर फैसले पर उसका साथ देने की बात कही है। अब पीएमओ ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री ने 19 जून को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। 

01:34 PM, 17-Jun-2020

पीएम मोदी ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

पीएमओ ने कहा, लद्दाख में भारत-चीन सीमा पर हालात के मद्देनजर पीएम नरेंद्र मोदी ने 19 जून की शाम पांच बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस वर्चुअल बैठक में सभी दलों के अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। 

 

01:25 PM, 17-Jun-2020

चीन ने कहा, दोबारा टकराव नहीं चाहते

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने कहा, चीन की तरफ से कहना चाहता हूं कि गलवां घाटी में हम और कोई टकराव नहीं चाहते हैं। 
 

01:19 PM, 17-Jun-2020

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने कहा, हम राजनयिक और सैन्य माध्यमों से बातचीत कर रहे हैं। क्या गलत है और क्या सही, ये पूरी तरह साफ है। जो घटना हुई है वह चीन के क्षेत्र में हुई है और हमें जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। 
 

01:10 PM, 17-Jun-2020

चीन का अनर्गल आरोप

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने कहा, गलवां घाटी पर हमेशा से चीन की संप्रभुता रही है। भारतीय सेना ने ही सीमाक्षेत्र का उल्लंघन किया है और कमांडर लेवल की बातचीत के प्रोटोकॉल को तोड़ा है।    
 
 

12:48 PM, 17-Jun-2020

चीनी पक्ष के 35 जवान हताहत

गलवां घाटी में हुई झड़प के दौरान चीनी पक्ष के 35 जवान हताहत हुए: आधिकारिक सूत्रों ने अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट के हवाले से कहा।
 

12:40 PM, 17-Jun-2020

भारत की अखंडता की रक्षा करते हुए जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया : पटनायक

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पूर्वी लद्दाख की गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने देश की अखंडता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है।

 

12:36 PM, 17-Jun-2020

5 सप्ताह से भारत-चीन आमने-सामने

12:21 PM, 17-Jun-2020

लद्दाख में सेना को स्पेशल पावर मिली

लद्दाख में सेना को स्पेशल पावर मिली। अब कमांडर मौके पर फैसला ले सकेंगे। इसी के साथ एलएसी पर और जवान बढ़ाए गए हैं। वहीं, श्रीनगर - लेह हाईवे पर गांदरबल से आगे वाहनों की आवाजाही भी रोकी गई।
 

12:10 PM, 17-Jun-2020

कांग्रेस का सरकार पर निशाना

सीमा पर 20 सैनिक शहीद हो गए और सरकार चुप है। सरकार को देश के सामने स्वीकार कर लेना चाहिए कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। 20 जवान कैसे शहीद हो गए, मौजूदा स्थिति क्या है और सरकार की इससे निपटने की रणनीति क्या है?- रणदीप सुरजेवाला, प्रवक्ता, कांग्रेस 
 

12:05 PM, 17-Jun-2020

राहुल का सरकार पर निशाना, डरिए मत, देश को सच बताइए

भारत-चीन हिंसक झड़प पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- डरिए मत, छिपाना छोड़िए और देश को सच बताइए। 
 

11:54 AM, 17-Jun-2020

ब्रिटिश उच्चायोग का बयान

ब्रिटिश उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा, भारत-चीन विवाद चिंता की बात है, सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन को संवाद बनाए रखना चाहिए। हिंसा किसी के हित में नहीं है।  

 

11:40 AM, 17-Jun-2020

संजय राउत ने कहा, हम सभी जिम्मेदार

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, सीमा पर जो हुआ उसके लिए हम जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी या राहुल गांधी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते हैं। 20 जवानों की शहादत के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। प्रधानमंत्री जो भी फैसला लेंगे उसका सभी पार्टियां समर्थन करेंगी। 

 

11:28 AM, 17-Jun-2020

चीनी हेलिकॉप्टरों की बढ़ी आवाजाही

लद्दाख सीमा पर जहां दोनों देशों के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी, वहां चीनी हेलीकॉप्टरों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चीन को इस झड़प में खासा नुकसान हुआ है। 

 

11:15 AM, 17-Jun-2020

चीनी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर की मौत

हिंसक झड़प में चीनी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर की मौत हुई है। सूत्रों ने कहा कि गलवां घाटी में झड़प में मारे गए चीनी सैनिकों में चीनी यूनिट का कमांडिंग ऑफिसर भी शामिल है।

11:09 AM, 17-Jun-2020

रक्षा मंत्री राजनाथ की तीनों सेना प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के साथ बैठक जारी

सूत्रों ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीनों सेना प्रमुखों (सेना, नौसेना और वायु सेना) और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के साथ बैठक कर रहे हैं। उन्होंने मौजूदा स्थिति पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी बात की।
 

 

11:03 AM, 17-Jun-2020

चीन को हुआ भारी नुकसान: सूत्र

सूत्रों ने कहा कि 15-16 जून की रात को हुई झड़प में चीन को भारी संख्या में नुकसान का सामना करना पड़ा है। जो सैनिक इस झड़प का हिस्सा थे उन्होंने चीनी हताहतों की संख्या के बारे में बताया। सूत्रों ने कहा, मारे गए और घायल दोनों हताहतों की सही संख्या बताना मुश्किल है लेकिन संख्या 40 से अधिक होने का अनुमान है।

10:54 AM, 17-Jun-2020

चीन ने माना झड़प में हुआ नुकसान लेकिन संख्या पर साधी चुप्पी

चीन का कहना है कि भारतीय सैनिकों ने अवैध रूप से दो बार सीमा पार की और उत्तेजक हमले किए। चीन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि उसने भारत के सामने घटना को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। हालांकि, उसने यह नहीं बताया है कि झड़प में उसके कितने सैनिकों की मृत्यु हुई है। 

10:44 AM, 17-Jun-2020

चीन ने सैनिक युद्ध अभ्यास का वीडियो किया जारी

भारत और चीन के बीच तनाव के दौरान चीनी सेना युद्ध अभ्यास कर रही है। चीन ने सैनिक युद्ध अभ्यास का वीडियो जारी किया है।

10:22 AM, 17-Jun-2020

गुजरात के लोगों ने जलाए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फोटो

गुजरात में अहमदाबाद के बापू नगर में लोगों ने कल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के फोटो जलाए।
 

 

09:58 AM, 17-Jun-2020

यूपी में लोगों ने चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका

यूपी के वाराणसी में लोगों ने एक एनजीओ के बैनर तले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंका और चीन का झंडा जलाया।
 

 

09:37 AM, 17-Jun-2020

चार भारतीय सैनिकों की हालत गंभीर: सूत्र

सूत्रों ने बताया कि सोमवार शाम चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प के बाद चार भारतीय सैनिकों की हालत गंभीर है।
 

 

09:21 AM, 17-Jun-2020

राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है। राहुल ने कहा कि पीएम चुप क्यों हैं? वह क्यों छुपा रहे हैं? अब बहुत हो गया। हमें यह जानना होगा कि क्या हुआ है। चीन ने हमारे सैनिकों को मारने की हिम्मत कैसे की? हमारी जमीन लेने की उनकी हिम्मत कैसे हुई?

 

09:02 AM, 17-Jun-2020

तमिलनाडु सरकार ने किया शहीद जवान पलानी के परिजनों को 20 लाख रुपये देने का एलान

तमिलनाडु सरकार ने चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए भारतीय सेना के जवान के. पलानी के परिजनों को 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है। तमिलनाडु मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि शहीद जवान के परिवार के सदस्यों में से किसी एक को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

08:49 AM, 17-Jun-2020

शहीद कर्नल संतोष बाबू के माता-पिता बोले- हम गहरे सदमे में हैं

चीन के साथ झड़प में शहीद हुए 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू के माता-पिता ने कहा कि पहले तो हमें विश्वास ही नहीं हुआ लेकिन बाद में उच्च अधिकारियों ने हमें बताया कि क्या हुआ है। हम गहरे सदमे में हैं। हमारे बेटे को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
 

 

08:42 AM, 17-Jun-2020

भारतीय सेना देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने को प्रतिबद्ध

लद्दाख के गलवां घाटी में झड़प पर भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा, भारत और चीन के सैनिक 15-16 जून की रात झड़प वाले गलवां इलाके से पीछ हट चुके हैं। भारत के जवान जो कर्तव्य निभाने में घायल हुए थे, उनमें से 20 की मौत हो गई है। भारतीय सेना देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने को प्रतिबद्ध है।

08:42 AM, 17-Jun-2020

अमेरिका ने जताई संवेदना

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि हम वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीन की स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि झड़प के दौरान शहीद हुए 20 भारतीय जवानों के प्रति हम संवेदना व्यक्त करते हैं। 

उन्होंने कहा कि भारत और चीन दोनों ने तनाव खत्म करने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हम वर्तमान स्थिति के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करते हैं। बता दें कि बीती दो जून को राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान भारत-चीन सीमा पर तनाव की स्थिति को लेकर चर्चा भी की थी।

08:34 AM, 17-Jun-2020

शहीद कर्नल संतोष बाबू का पार्थिव शरीर सूर्यपुरी स्थित आवास पर पहुंचा

गलवां घाटी में चीन के साथ झड़प में भारत के कम से कम 20 सैनिक शहीद हो गए हैं। इस बात की जानकारी सूत्रों ने दी। भारतीय सूत्रों के मुताबिक एलएसी पर झड़प में चीन के 43 सैनिकों की या तो मौत हुई या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चीन के उप विदेश मंत्री लुओ झाओहुई से भारतीय राजदूत विक्रम मिसरी ने मुलाकात की।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें