भारत और चीन के कमांडर स्तर के अधिकारियों के बीच चल रही अहम बैठक समाप्त हो गई है। सोमवार सुबह 11:30 बजे शुरू हुई बैठक लगभग 11 घंटे तक चली। वार्ता से संबंधित जानकारी की प्रतीक्षा है अभी। बता दें कि गलवां में चीन के साथ हुई झड़प के बाद दोनों देशों में लगातार तनाव बना हुआ है।
छह जून को दोनों पक्षों के बीच हुई सैन्य कमांडर स्तर की वार्ता को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा था कि दोनों पक्ष स्थिति को सुलझाने और सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सैन्य और कूटनीतिक जुड़ाव जारी रखेंगे। मंत्रालय ने कहा था कि दोनों पक्ष विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में शांतिपूर्वक हल करने के लिए सहमत हुए और नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को ध्यान में रखते हुए भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
हालांकि, इसके बाद भी दोनों देशों के बीच सीमा विवाद जारी रहा और 15 जून की दरमियानी रात भारत और चीन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। लद्दाख की गलवां घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें सेना के 20 जवान शहीद हो गए। शहीद हुए जवानों में कर्नल रैंक के एक अधिकारी भी शामिल थे।