देश के समस्त नागरिकों की कुल 5,600 अरब डॉलर संपत्ति के साथ भारत को विश्व के शीर्ष 10 धनवान देशों में स्थान मिला है। अमेरिका इस सूची में सबसे ऊपर है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सूची में 7वें स्थान पर है।
इसके बाद कनाडा (4,700 अरब डॉलर), ऑस्ट्रेलिया (4,500 अरब डॉलर) और इटली (4,400 अरब डॉलर) क्रमश: 8वें, 9वें व 10वें स्थान पर हैं। अमेरिका 48,900 अरब डॉलर की कुल व्यक्तिगत संपत्ति के साथ विश्व में सर्वाधिक धनी है। इस सूची में चीन (17,400 अरब डॉलर) और जापान (15,100 अरब डॉलर) क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। ब्रिटेन 9,200 अरब डॉलर की कुल व्यक्तिगत संपत्ति के साथ चौथे, जर्मनी 9,100 अरब डॉलर के साथ 5वें और फ्रांस 6,600 अरब डॉलर के साथ 6वें स्थान पर रहे।
इस रिपोर्ट में व्यक्तिगत संपत्ति किसी व्यक्ति की कुल परिसंपत्ति को दर्शाती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकारी फंड को रिपोर्ट के आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है। विश्व के शीर्ष 10 धनवान देशों में भारत के स्थान पाने का बड़ा कारण इसकी विशाल जनसंख्या है।
रिपोर्ट में कहा गया कि ऑस्ट्रेलिया की रैंकिंग प्रभावी है, क्योंकि वहां की आबादी केवल 2.2 करोड़ है। पिछले पांच सालों से डॉलर के लिहाज से संपत्ति वृद्घि के मामले में चीन सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश रहा है। भारत पर रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले 12 माह में ऑस्ट्रेलिया और भारत भी मजबूती से आगे बढ़े और भारत, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा इटली से आगे निकल गए हैं।