जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने बुधवार रात सीमा पार घुसकर आतंकी कैंप नष्ठ कर दिए। सेना की इस कार्रवाई से सीमा पर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा से सटे गांवों को खाली कराया है। वैसे यह पहली बार नहीं है जब भारत-पाकिस्तान के बीच ऐसे हालात पैदा हुए हैं। दोनों देशों के बीच अब तक चार युद्ध हो चुके हैं। भारत ने जब-जब शांति की पहल की, पाकिस्तान ने तब-तब विश्वासघात किया। आइए जानते हैं दोनों देशों के रिश्तों की कहानी।
वार्ता : फरवरी, 1999 में भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लाहौर तक बस यात्रा की।
वादाखिलाफी : मई, 1999 में पाक घुसपैठियों ने कारगिल में कदम रखने का दुस्साहस किया। भारतीय सेना ने इन घुसपैठियों को सीमा से बाहर खदेड़ा।
आगरा शिखर सम्मेलन : जुलाई, 2000 में पीएम वाजपेयी और पाक राष्ट्रपति मुशर्रफ के बीच आगरा शिखर बैठक के तहत वार्ता हुई।
वादाखिलाफी : दिसंबर, 2001 में दिल्ली स्थित भारतीय संसद भवन पर आतंकवादी हमला, 5 आतंकी समेत 14 लोग मारे गए।
शांति विराम व समझौता : 2003 में नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए जाने पर सहमति बनीं, वहीं, 2004 में शांति समझौते हुए।
वादाखिलाफी : नवंबर, 2008 में मुंबई में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमला किया। दोनों देशों के बीच सभी स्तर की बातचीत स्थगित।
विदेशी सचिव स्तर की वार्ता
बातचीत दोबारा करने पर सहमति : मुंबई आतंकी हमले के बाद से स्थगित बातचीत दोबारा शुरू करने के लिए फरवरी, 2011 में भारत सहमत हुआ। इसी के तहत पाकिस्तान के खिलाफ प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पाबंदी हटाई गई।
वादाखिलाफी : सीमा पर पाक सैनिकों ने गोलीबारी, जनवरी, 2013 में एक भारतीय जवान का सिर काटने की घटना।
विदेशी सचिव स्तर की वार्ता : मई, 2014 में प्रधानमंत्री बनने के अगले दिन नरेंद्र मोदी ने पाक प्रधानमंत्री शरीफ के साथ नई दिल्ली में वार्ता की। विदेश सचिव स्तर की वार्ता पर सहमति बनीं।
वादाखिलाफी : अगस्त 2014 में पाक उच्चायुक्त द्वारा कश्मीरी अलगाववादियों से भेंट किए जाने जैसे रवैये के कारण भारत ने इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता रद्द कर दी।
ऊफा में मोदी-शरीफ की मुलाकात
एनएसए स्तर की वार्ता : जुलाई, 2015 में रूस के उफा में मोदी-शरीफ की मुलाकात, एनएसए स्तर की वार्ता पर सहमति बनीं।
वादाखिलाफी : गुरदासपुर में आतंकी हमला, पाकिस्तानी उच्चायुक्त ने कश्मीरी अलगाववादियों को आमंत्रित किया, वार्ता रद्द।
मोदी लाहौर पहुंचे : 25 दिसंबर, 2015 को पाक पीएम नवाज शरीफ के जन्मदिन पर अचानक पीएम मोदी अफगानिस्तान से लौटते समय काबुल से लाहौर पहुंचे और नवाज शरीफ के निवास जट्टी उमरा रायविंड पैलेस पहुंचे, डेढ़ घंटे चली मुलाकात।
वादाखिलाफी : पंजाब के पठानकोट एयरवेस और उड़ी स्थित सेना के कैंप पर आतंकी हमला।
सीजफायर : 25-26 नवंबर, 2003 को भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हुआ था। मकसद था जम्मू कश्मीर की करीब 1200 किलो मीटर लंबी लाइन ऑफ कंट्रोल यानि कि एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दोनों देश की ओर से गोलाबारी ना हो।