प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात के दौरान म्यांमार के कमांडर-इन-चीफ वरिष्ठ जनरल मिन आंग हलिंग
- फोटो : PTI
भारत और म्यांमार ने अपने सैन्य संबंधों को बढ़ाने और सामरिक सुरक्षा के लिहाज से सोमवार को रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। म्यांमार के कमांडर-इन-चीफ वरिष्ठ जनरल मिन आंग हलिंग और रक्षा मंत्री राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक के बीच विस्तार से चर्चा के बाद इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
हैलिंग के साथ प्रतिनिधिमंडल में इस दौरान म्यांमार के उच्च-स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ, सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत और नौसेना के प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह से भी मुलाकात की।
इस वार्ता का मकसद भारत और म्यांमार के बीच रक्षा कर्मियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण को और बेहतर करने सहित रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। इस दौरान दोनों ही देशों ने समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस वार्ता के बाद रक्षा सहयोग के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।