पीएम मोदी गुरुवार को लाल किले की प्राचीर से भाषण देने के साथ ही लगातार छठी बार स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करने वाले भाजपा के दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले वाजपेयी जी भाजपा के पहले नेता थे जिन्होंने साल 1998 से 2003 के बीच लगातार छह बार लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिया था। गौरतलब है कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह के नाम भी सबसे ज्यादा बार तिरंग फहराने का रिकॉर्ड दर्ज है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लगातार छठी बार स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिया। प्रचंड जनादेश के बाद दूसरी बार सत्ता में वापसी के बाद उनका लाल किले से यह पहला भाषण है। पीएम मोदी 15 अगस्त के अपने संबोधन का उपयोग पूर्व में सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं जैसे स्वच्छ भारत, आयुष्मान भारत और भारत के अंतरिक्ष में पहले मानव मिशन की घोषणा के लिए कर चुके हैं। वह इस अवसर का उपयोग उनके नेतृत्व में हो रहे विकास को रेखांकित करने और अपनी सरकार के कामकाज का लेखाजोखा भी पेश करने के लिए करते रहे हैं।
पार्टी नेताओं का मानना है कि हाल में हुए आम चुनाव में भाजपा को मिली उल्लेखनीय जीत और इसके बाद जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के प्रावधानों को हटाने के विवादित किंतु उनकी पार्टी के कोर एजेंडे वाले कदम को संसद की मंजूरी से प्रधानमंत्री के भाषण की दिशा पहले ही निर्धारित हो चुकी है।