74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी, लद्दाख में चीन के साथ विवाद, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसे कई अहम मुद्दों का जिक्र किया। इसी दौरान अपने भाषण में पीएम मोदी ने देश की बेटियों को भी सलाम किया। पीएम मोदी ने कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर सरकार समीक्षा कर रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि 'लड़कियों की शादी की सही आयु क्या हो, इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है, उसकी रिपोर्ट आते ही बेटियों की शादी की उम्र को लेकर उचित फैसले लिए जाएंगे।'
पीएम मोदी ने महिला शक्ति को किया सलाम
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा अनुभव कहता है कि भारत में महिलाशक्ति को जब-जब भी अवसर मिले, उन्होंने देश का नाम रोशन किया, देश को मजबूती दी है। आज भारत में महिलाएं अंडरग्राउंड कोयला खदानों में काम कर रही हैं तो लड़ाकू विमानों से आसमान की बुलंदियों को भी छू रही हैं।