स्वतंत्रता दिवस से पहले पूर्वोत्तर में बांग्लादेश और म्यांमार से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। बांग्लादेश से लगी सीमा की निगरानी का जिम्मा बीएसएफ को, जबकि म्यांमार से लगी सीमा की जिम्मेदारी असम राइफल्स को दी गई है।
त्रिपुरा के आईजी (कानून व्यवस्था) केवी श्रीजेश ने बताया कि घुसपैठ और सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर अंकुश के लिए बीएसएफ से बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। राज्य में घुसने और बाहर जाने के सभी रास्तों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रात की गश्त भी बढ़ा दी गई है। मिजोरम से लगी म्यांमार की सीमा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। असम राइफल्स के एक अधिकारी ने आइजोल में बताया कि सीमा पर तैनात जवानों को अलर्ट कर दिया गया है।