आयकर विभाग ने केरल के स्वयंभू ईसाई धर्म प्रचारक और उसके समूह के ठिकानों पर छापा मारकर 14 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। प्रचारक और इसके समूह ने गरीबों के नाम पर विदेश में मिले दान को रियल एस्टेट और निजी निवेशों में खर्च करने का आरोप है। आयकर विभाग ने केरल में समूह के विभिन्न ठिकानों से आठ करोड़ रुपये जब्त किए। वहीं पिछले सप्ताह केरल से बाहर के ठिकानों पर छापा मारकर छह करोड़ रुपये जब्त किए थे। छापे के दौरान अधिकारियों को 1000 और 500 रुपये के बंद हो चुके कुछ नोट भी मिले हैं।
केरल, तमिलनाडु, पंजाब समेत कई राज्यों के 66 ठिकानों पर छापा
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई तिरुवला के बिलीवर्स चर्च समूह पर की गई है। समूह के केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, चंडीगढ़, पंजाब और तेलंगाना में करीब 66 ठिकानों पर छापा मारा गया था। सीबीडीटी के मुताबिक, समूह को धार्मिक या धर्मार्थ संस्था के तौर पर आईटी एक्ट 1961 के तहत छूट मिली हुई थी। यह समूह देशभर में कई पूजा स्थल, स्कूल और कॉलेजों का संचालन करता है।