आयकर विभाग ने तमिलनाडु में हाईवे निर्माण से जुड़ी एक कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के 20 से अधिक ठिकानों पर छापे मारकर 160 करोड़ रुपये की नकदी और 100 किलोग्राम सोना-आभूषण जब्त किया है।
आयकर जांच विभाग के सूत्रों ने बताया कि इस कंपनी में पिछले कुछ समय से अवैध नकद लेनदेन का कारोबार चल रहा था। कंपनी के बारे में करचोरी की भी शिकायत मिल रही थी। आईटी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इसके ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया और करोड़ों की नकदी और सोना जब्त की।
नोटबंदी से पहले और बाद में कंपनी की संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के बाद राज्य पुलिस की मदद से आयकर छापेमारी की गई। जांच के दौरान कंपनी के टैक्स रिटर्न में भी गड़बड़ी पाई गई।
कंपनी एक प्रमुख लोक निर्माण ठेके से जुड़ी है जिसके संपर्क राजनीतिक रसूख वाले लोगों से भी बताए जाते हैं। सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने हाईवे तथा लोक निर्माण के अलावा राज्य सरकार के कई विभागों की परियोजनाओं पर भी काम किया है। आयकर विभाग ने चेन्नई, मदुरै, अरुपुकोट्टई तथा वेल्लोर समेत 22 ठिकानों पर सोमवार सुबह से तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद कंपनी के चार और ठिकानों पर छापेमारी की गई।