'देश में बहुत तेजी से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा'
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में बहुत तेजी से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। आप उत्तर में देखेंगे तो जम्मू कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज में से एक 'चिनाब ब्रिज' बना है। पश्चिम में जाएंगे तो मुंबई में देश का सबसे लंबा सी ब्रिज 'अटल सेतु' बना है। पूर्व में जाएंगे तो असम के 'बोगीबील ब्रिज' के दर्शन होंगे। दक्षिण में आते हैं तो दुनिया के गिने-चुने वर्टिकल लिफ्ट ब्रिज में से एक 'पंबन ब्रिज' का निर्माण पूरा हुआ है।
'विकसित भारत के सफर में तमिलनाडु का बहुत बड़ा रोल'
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के सफर में तमिलनाडु का बहुत बड़ा रोल है। मैं मानता हूं, तमिलनाडु का सामर्थ्य जितना ज्यादा बढ़ेगा, भारत की ग्रोथ उतनी तेज होगी। बीते दशक में तमिलनाडु के विकास के लिए 2014 की तुलना में तीन गुना ज्यादा पैसा केंद्र सरकार की ओर से दिया गया है। इसके बावजूद भी कुछ लोगों को बिना कारण रोते रहने की आदत है, वो रोते रहते हैं।
यहां पढ़ें-
PM मोदी ने देश को सौंपा पहला वर्टिकल लिफ्ट 'पंबन' सी ब्रिज; रामनाथस्वामी मंदिर में की पूजा-अर्चना
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले रेल प्रोजेक्ट के लिए हर साल सिर्फ 900 करोड़ रुपये ही मिलते थे। इस वर्ष तमिलनाडु का रेल बजट 6,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है और भारत सरकार यहां के 77 रेलवे स्टेशन को मॉडर्न भी बना रही है। इसमें रामेश्वरम का रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
'दुनिया में भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा है, लोग भारत को जानना चाहते हैं, भारत को समझना चाहते हैं। इसमें भारत के कल्चर का, हमारी सॉफ्ट पावर का भी बड़ा रोल है। उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा और भलाई सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। भारत सरकार के समर्पित प्रयासों से पिछले एक दशक में 3,700 से अधिक मछुआरों को श्रीलंका से सफलतापूर्वक वापस लाया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल ही 600 से अधिक मछुआरों को रिहा किया गया। हमारे कुछ मछुआरों को मृत्युदंड का भी सामना करना पड़ा। हालांकि, हमने देश में उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कदम उठाए।
'हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो रहा'
पीएम मोदी ने कहा कि आज रामनवमी है, रामेश्वरम की पवित्र भूमि है, तो मेरे लिए कुछ भावुक पल भी है। आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के जिस लक्ष्य को लेकर हम चल रहे हैं, उसमें भाजपा के हर एक कार्यकर्ता का परिश्रम है। तीन-तीन, चार-चार पीढ़ियां मां भारती के जय जयकार के लिए खप गई हैं। मेरे लिए गर्व की बात है कि भाजपा के उस विचार ने, भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने आज हमें देश की सेवा का अवसर दिया है। आज देश के लोग भाजपा सरकारों का गुड गर्वनेंस देख रहे हैं, राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णय देख रहे हैं और हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो रहा है।