फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: नागपुर में मुस्लिम लोगों ने रामभक्तों पर बरसाए फूल; ठाणे में भाजपा नेता के कार्यालय में तोड़फोड़

Sun, 06 Apr 2025 02:38 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

महाराष्ट्र के नागपुर में मुस्लिम लोगों ने भाईचारे की मिसाल दी। रामनवमी के अवसर पर नागपुर में रामभक्तों द्वारा शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान मुस्लिम सेवा समिति के लोगों ने रामभक्तों पर पुष्प वर्षा की। मुस्लिम लोगों की इस पहल की सभी ने सराहना की। 

विज्ञापन

 

ठाणे में भाजपा नेता के कार्यालय में तोड़फोड़
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के अंबरनाथ (पूर्व) इलाके में शनिवार रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व पार्षद राजू महादिक के कार्यालय में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। इस दौरान लोगों के समूह ने एक व्यक्ति पर हमला भी किया। पुलिस के अनुसार, आशुतोष कराले उर्फ डाक्या (23) और गनी रफीक शेख (25) के नेतृत्व में 10 से 12 लोगों का एक समूह कथित तौर पर रात करीब 10.40 बजे तलवारें लहराते हुए जबरन कार्यालय में घुस गया। उन्होंने कार्यालय में तोड़फोड़ की और वहां काम करने वाले कृष्ण गुप्ता (22) पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, हमला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। गुप्ता की शिकायत के बाद शिवाजीनगर थाने में हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वरिष्ठ निरीक्षक रमेश पाटिल ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है। हमले का मकसद भाजपा नेता और आरोपी के बीच व्यक्तिगत विवाद प्रतीत होता है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। 


 

जीआईपीई के बजट में हेराफेरी करने पर सचिव पकड़ा
पुणे के गोखले राजनीति और अर्थशास्त्र संस्थान (जीआईपीई) की संस्था सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी (एसआईएस) के सचिव को धोखाधड़ी और बजट की हेराफेरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। डेक्कन जिमखाना पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि जीआईपीई के डिप्टी रजिस्ट्रार की शिकायत पर सचिव मिलिंद देशमुख को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। शिकायत के मुताबिक धन की हेराफेरी 2022-23 में हुई। जब जीआईपीई के 1.5 करोड़ रुपये के फंड को एसआईएस के लिए जमीन खरीदने में लगा दिया गया। 

पिछले दिनों जीआईपीई के चांसलर और ईएसी-पीएम सदस्य संजीव सान्याल को एसआईएस ने संस्थान के गिरते शैक्षणिक मानकों और नैक में बी ग्रेड मिलने पर पद से हटा दिया था और फिर शनिवार को बहाल कर दिया था। सान्याल ने एसआईएस के अध्यक्ष दामोदर साहू को लिखे एक पत्र में कहा था कि जीआईपीई में कई साल वित्तीय अनियमितता हो रही है। 

हाइड्रोलिक डंपर से गिरकर मरने वाले ऑपरेटरों के परिजनों को नहीं मिलेगा मुआवजा
ठाणे के मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण ने हाइड्रोलिक ऑपरेटर के परिजनों के मुआवजे के दावे को खारिज कर दिया। गोविंद बंदगर सात मई 2005 को हाइड्रोलिक डंपर की जांच कर रहे थे। तभी डंपर उन पर गिर गया था जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पांच साल बाद 31 मई 2010 को उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी महानंदा और तीन बेटों ने मुआवजे की मांग की।

आदेश में एमएसीटी के सदस्य एसएन शाह ने कहा कि हाइड्रोलिक डंपर दुर्घटना तब हुई, जब बंदगर इसे चला रहे थे और कोई अन्य वाहन इसमें शामिल नहीं था। यदि लापरवाही मृतक की खुद की है, तो उसके कानूनी प्रतिनिधि उसकी अपनी गलती के लिए धारा 166 के तहत मुआवजे का दावा नहीं कर सकते। यदि यह साबित नहीं होता कि दुर्घटना किसकी लापरवाही के कारण हुई, तो याचिका शुरू से ही विफल हो जाती है। एमएसीटी ने बंदगर के परिजनों के मुआवजे के दावे को खारिज करते हुए कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद तथ्यों और प्रथम दृष्टया यह दिखाने के लिए कोई आधार या कारण नहीं दिया गया है कि यह याचिका धारा 166 के तहत विचारणीय है।

लातूर नगर निगम के आयुक्त ने की खुदकुशी की कोशिश
महाराष्ट्र के लातूर नगर निगम के आयुक्त ने खुद को बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने कहा कि शनिवार देर रात नगर आयुक्त बाबासाहेब मनोहरे को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। मनोहरे ने बारशी रोड पर अपने आवास पर रात करीब 11.30 बजे सिर में बंदूक से खुद को गोली मार ली। उन्हें सह्याद्री अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी आपातकालीन सर्जरी की। अस्पताल के निदेशक डॉ हनुमंत किणीकर ने कहा कि गोली उनके सिर के दाहिने हिस्से में घुस गई। इससे भारी रक्तस्राव हुआ एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मनोहरे ने 20 अक्टूबर 2022 को लातूर नगर निगम आयुक्त का कार्यभार संभाला था। उन्होंने 27 मार्च को नगर निगम का वार्षिक बजट पेश किया था।
 

अस्वस्थ होने के कारण वक्फ संशोधन विधेयक पर मतदान के दौरान अनुपस्थित रहा: सुरेश म्हात्रे
महाराष्ट्र के भिवंडी से एनसीपी (एसपी) सांसद सुरेश म्हात्रे ने कहा कि वह अस्वस्थ होने के कारण वक्फ संशोधन विधेयक पर मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मैं सत्र के दौरान अस्पताल में भर्ती था। मुझे उम्मीद नहीं थी कि विधेयक लोकसभा में पेश किया जाएगा। दुर्भाग्य से मैं सत्र से एक दिन पहले बीमार हो गया। म्हात्रे की अनुपस्थिति ऐसे समय में हुई है, जब भिवंडी में विधेयक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। शनिवार देर रात को भी भिवंडी में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को अपनी मंजूरी दे दी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद अब विधेयक कानून बन गया है। 
विज्ञापन

गोंदिया में शादी में खाना खाने से 50 से ज्यादा लोग बीमार
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के एक गांव में शादी में खाना खाने से 50 से अधिक लोग बीमार हो गए। इसमें बच्चे भी शामिल हैं। प्रभावित लोगों का गोरेगांव तहसील के ग्रामीण अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गोंदिया के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गोरेगांव के ग्रामीण अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके पटले ने बताया कि शनिवार शाम को ग्रामीण अपने बच्चों के साथ पेट दर्द, उल्टी, दस्त आदि की शिकायत लेकर अस्पताल आए थे। उन्होंने कहा, हमने बच्चों समेत सभी मरीजों का इलाज किया। चार मरीजों को रविवार को छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें