संविधान निर्माता बीआर अांबेडकर की मूर्ति से तोड़फोड़ का सिलसिला थम नहीं रहा है। एक बार फिर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अांबेडकर की मूर्ति से तोड़फोड़ की गई है। घटना फिरोजाबाद के टुंडला की है, जहां नाराज हुए लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया है।
इस बार अज्ञात सिरफिरों ने प्रतिमा से उंगली गायब कर दी है। इससे पहले ज्यादातर प्रतिमाओं से सिर गायब किए गए। बता दें कि दलित समुदाय के 2 अप्रैल को भारत बंद के बाद से ही अंबेडकर की मूर्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, कई जगह महात्मा गांधी की प्रतिमाओं से भी तोड़फोड़ हुई है।
बता दें कि इससे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों तथा पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि जिलों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के संबंध में पूरी सतर्कता बरतें। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे तत्वों को चिह्नित कर सुनिश्चित किया जाए कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह विभाग की ओर से भी सभी जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तानों को निर्देश भेजकर महापुरुषों की मूर्तियों की सुरक्षा के संबंध में एहतियात बरतने को कहा गया है।