नशे की हालत में लोग अजीबो-गरीब कारनामे करने लगते हैं। कभी-कभी उनकी यह हरकत उन्हें अस्पताल भी पहुंचा देती है। ऐसा ही वाकया हुआ कर्नाटक में। जहां एकदम फिल्मी स्टाइल में 24 साल का युवक नशे में धुत होकर हाथी को चूमने की कोशिश करने लगा जिसने उसे अस्पताल पहुंचा दिया।
बुधवार को कटेरी और अरालेरी गांवों के पास हाथियों के एक झुंड को देखा गया। वन विभागों के सूत्रों ने बताया, 'डीएन डोड्डि गांव के पास हाथियों के साथ तस्वीरें लेने के लिए बहुत सारे लोग इकट्ठा हो गए थे। कुछ लोग उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करने लगे। भीड़ को देखकर हाथियों का झुंड भड़क गया। हाथियों ने एक बार लोगों को दौड़ा दिया। जिसके बाद लोगों वे भागकर अपनी जान बचाई।'
वन विभाग के सूत्रों ने कहा, 'थोड़ी देर में हमने पाया कि राजू नाम के एक युवक के चेहरे से खून निकल रहा था। वह कुछ भी बोलने की हालत में नहीं था। हमने उसे फौरन अस्पताल में भर्ती करवाया। हाथियों के हमले के बाद भागने की वजह से वह यूकेलिप्टस के पेड़ से टकरा गया था।'