फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुंडे के बचाव में महाराष्ट्र के मंत्री सत्तार ने इसलिए कहा - 'प्यार किया तो डरना क्या'

Thu, 14 Jan 2021 10:03 PM IST
सुरेंद्र जोशी पीटीआई, जालना
विज्ञापन
दुष्कर्म का आरोप और इसमें घिरे मंत्री मुंडे - फोटो : twitter
विज्ञापन
महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना कोटे से मंत्री अब्दुल सत्तार ने दुष्कर्म के आरोप झेल रहे अपने कैबिनेट सहयोगी व राकांपा नेता धनंजय मुंडे का बचाव करते हुए कहा है कि -‘प्यार किया तो डरना क्या।’  जालना में  गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में सत्तार ने कहा कि मुंडे ने खुद ही कहा है कि शिकायत करने वाली महिला की बहन के साथ उनके प्रेम संबंध रहे हैं और उनके दो बच्चे भी हैं।
विज्ञापन


मुंडे के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों और भाजपा द्वारा उनके इस्तीफे की मांग पर मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (मुंडे) कुछ नहीं छुपाया है... प्यार किया तो डरना क्या।’’ बता दें, गायक बनने की इच्छुक एक 37 वर्षीय महिला ने 10 जनवरी को मुंबई के पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि 2006 में मुंडे ने उसके दुष्कर्म किया। महिला ने दावा किया कि उसने पहले ओशिवरा थाने में शिकायत दी थी लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया।

बीड़ जिले से राकांपा नेता मुंडे ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि महिला और उसकी बहन उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। मुंडे (45) ने कहा कि महिला का दावा उन्हें ब्लैकमेल करने की साजिश का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि वह महिला की बहन के साथ प्रेम संबंध में थे और उनके दो बच्चे भी हैं।
विज्ञापन


मुंडे ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि उनकी पत्नी, परिवार और मित्रों को इस संबंध के बारे में पता था और उनके परिवार ने दोनों बच्चों को स्वीकार भी किया है।   उन्होंने कहा कि जिस महिला के साथ उनके संबंध थे, वह 2019 से ही उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी और बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख कर उनके खिलाफ मानहानिकारक सामग्री के वितरण पर रोक लगाने की मांग की थी।

सत्तार बोले-तब बाल ठाकरे ने कही थी यही बात
सत्तार ने कहा कि 1990 के दशक में जब एक महिला के साथ अपने संबंधों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता दिवंगत गोपीनाथ मुंडे को आलोचना झेलनी पड़ रही थी तो उस वक्त शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे ने पूर्व उपमुख्यमंत्री का बचाव करते हुए कहा था कि ‘प्यार किया तो डरना क्या।’

कहा, भाजपा नेताओं का पर्दाफाश करूंगा
धनंजय ने उक्त संबंध के बारे में चुनावी हलफनामे में जिक्र नहीं किया है, इन आरोपों के बारे में सत्तार ने कहा कि ज्यादातर नेता ऐसा करते हैं, भाजपा वाले भी करते हैं।
शिवसेना नेता ने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं के खिलाफ मेरे पास ऐसी सूचना है और उचित समय पर मैं उनका पर्दाफाश करूंगा।’’
विज्ञापन

भाजपा नेता कृष्ण हेगड़े बोले-यह महिला 2010 से मुझे भी परेशान कर रही 

कृष्ण हेगड़े बोले-मुझे भी परेशान कर रही महिला - फोटो : social media
इस बीच, भाजपा नेता कृष्ण हेगड़े ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के मंत्री व राकांपा नेता धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला पिछले कई साल से उन्हें भी परेशान कर रही है। अंबोली पुलिस को लिखे पत्र में पूर्व विधायक ने कहा कि आरोप लगाने वाले महिला 2010 से ही उन्हें फंसाने का प्रयास कर रही है। हेगड़े कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं।

उन्होंने दावा किया कि महिला ने इसी तरीके से एक अन्य नेता को भी फंसाने का प्रयास किया है। वह उन्हें अलग-अलग नंबरों से कॉल और मैसेज करती थी और यह 2015 तक जारी रहा, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया था कि उन्हें महिला से मिलने में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुंडे के खिलाफ आरोपों के बारे में पढ़कर उन्हें सदमा लगा,  इसलिए वह पुलिस के पास गए।

पत्र में उन्होंने दावा किया है, ‘‘यह लुभाने, मोहपाश में फंसाने, ब्लैकमेल और धन ऐंठने का तरीका है और मैं मुंबई पुलिस से अनुरोध करुंगा कि वह प्राथमिकी दर्ज करे और इस मामले को तार्किक अंजाम तक पहुंचाए।’’ पत्रकारों से बातचीत में हेगड़े ने दावा किया कि इस महिला ने एक अन्य नेता को भी फंसाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह मुंडे के साथ हुआ है, मेरे साथ भी हो सकता था और भविष्य में किसी और के साथ भी हो सकता है।’
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें