क्या नेताजी सुभाष चंद्र बोस का निधन प्लेन क्रैश में हुआ था? आरटीआई के माध्यम से पूछे गए इस सवाल का जवाब नरेंद्र मोदी सरकार ने हां में दिया है।
गृह मंत्रालय ने बाबत जवाब दिया कि शाह नवाज कमेटी, जस्टिस जी डी खोसला कमिशन और जस्टिस मुखर्जी कमिशन आफ इंक्वायरी के रिपोर्टों के अनुसार केंद्र सरकार इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि नेताजी की मौत 18 अगस्त 1945 को प्लेन क्रैश में हुई थी।
ये आरटीआई सम्यक सेन ने अप्रैल में फाइल की थी जिसमें उन्होंने पूछा था क्या 1985 से उत्तर प्रदेश में रहने वाले गुमनामी बाबा या भगवानजी के बारे में सरकार के पास जानकारी उपलब्ध है? गौरतलब है कि स्थानीय लोगों का कहना है कि गुमनामी बाबा ही नेताजी हैं।
इसके जवाब में गृह मंत्रालय ने कहा कि गुमनामी बाबा के बारे में कुछ जानकारी मुखर्जी कमिशन रिपोर्ट में पेज 114-122 में मौजूद है। ये रिपोर्ट गृह मंत्रालय की साइट mha.nic.in पर मौजूद है। मुखर्जी कमिशन की रिपोर्ट के अनुसार गुमनामी बाबा नेताजी नहीं है।