नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र की बालिका से बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार को गांव में हुई पंचायत में बालिका की आबरू की कीमत 50 हजार रुपये लगाने के साथ ही आरोपी को 20 चप्पल मारने की सजा सुनाई गई। बाद में इस मामले में सुलह समझौता कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के एक गांव की नौ वर्षीय बालिका रिश्ते में चाचा लगने वाले पड़ोस के आरोपी युवक के घर सोमवार की देर शाम टेलीविजन देखने गई थी। आरोप है कि घर में बालिका को अकेली पाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका रोती हुई घर गई और आपबीती बताई। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ जुट गई।
लोग आरोपी के घर जाने को तैयार हुए, लेकिन कुछ लोगों ने रात का वक्त बताकर पीड़ित के घरवालों को रोक लिया। सुबह पीड़िता की मां ने डायल 100 पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। आरोप यह भी है कि पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग पुन: पहुंच गए और मारपीट की बात बताकर पुलिस को लौटा दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोपहर हुई पंचायत में बालिका की आबरू की कीमत 50 हजार रुपये लगाई गई। इसके साथ ही आरोपी को 20 चप्पल मारने की सजा सुनाने के बाद दोनों पक्षों में समझौता करा लिया गया। नेबुआ नौरंगिया थाने के एसओ निर्भय सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना उन्हें नहीं मिली है। अगर ऐसी कोई बात है तो यह जघन्य अपराध है। तहरीर मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।