कोरोना वायरस की दूसरी लहर काफी घातक असर दिखा रही है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन देश में डेढ़ लाख से भी अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। जबकि यह सातवां ऐसा दिन रहा जब एक-एक लाख से भी कहीं अधिक मामले दर्ज किए गए। 879 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक अप्रैल से अब तक की स्थिति देखें तो 13 दिन में करीब 14 लाख लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं।
महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है लेकिन राहत की बात है कि नए मामलों की तुलना में स्वस्थ मरीजों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान सक्रिय मामलों में 841 की और कमी होने से इनकी संख्या घट कर 5,64,746 तक पहुंच गई लेकिन यह संख्या भी पूरे देश में सर्वाधिक है।
इन राज्यों में जानलेवा कोरोना
आंकड़ों के अनुसार देश के 10 राज्यों में कोरोना संक्रमण जानलेवा दिखाई दे रहा है। यहां सबसे ज्यादा मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो रही है। पिछले एक दिन की स्थिति देखें तो महाराष्ट्र में 258 और छत्तीसगढ़ में 132 लोगों की मौत हुई है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 72-72 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गुजरात में 55, कर्नाटक में 52, पंजाब में 52, मध्यप्रदेश में 37, राजस्थान में 25 और तमिलनाडु में 19 लोगों की मौत दर्ज की गई।
देश में कोरोना की बेकाबू रफ्तार से 10 राज्य सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन राज्यों में 80 फीसदी मामले मिल रहे हैं। तीन राज्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 80.80 फीसदी मामले दर्ज किए गए। शीर्ष 10 राज्यों की सूची में छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, राजस्थान और केरल शामिल हैं। इसी तरह 10 राज्यों में कोरोना से 88.05 मौतें हुई हैं। पांच राज्यों महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, और केरल में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 68.85 फीसदी है। महाराष्ट्र में अकेले 44.78 फीसदी केस हैं।