Maharashtra: मुंबई में एक अज्ञात शख्स ने भाजपा विधायक अमीत सतम के नाम पर 25,000 रुपये की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को भाजपा विधायक अमीत सतम के दफ्तर का कर्मचारी बताकर एक जान पहचान वाले शख्स से 25 हजार रुपये की मांग की। आरोपी ने ये रकम शैक्षणिक मदद के नाम पर मांगी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या हुआ था मामला?
पुलिस के मुताबिक, चैतन्य नाइक को पिछले हफ्ते एक अनजान नंबर से फोन कॉल आया। नाइक अंधेरी (पश्चिम) से विधायक अमीत सतम के परिचित हैं। फोन करने वाले ने खुद को 'सहगल 'बताया और कहा कि वह विधायक के दफ्तर से बोल रहा है। इसके बाद उस व्यक्ति ने चैतन्य को एक मैसेज भेजा, जिसमें 25,000 रुपये की मांग की गई और कहा गया कि यह रकम किसी की पढ़ाई में मदद के लिए चाहिए।
चैतन्य को शक हुआ, तो उन्होंने सीधे विधायक अमीत सतम को फोन कॉल किया। बात करने पर साफ हो गया कि ये कॉल और मैसेज फर्जी थे और कोई शख्स उन्हें ठगने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद चैतन्य नाइक ने जुहू थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।