Mumbai Weather: हैदराबाद के बाद अब आसमानी आफत महाराष्ट्र के दो प्रमुखों शहरों मुंबई और पुणे पर टूट पड़ी है। बुधवार रात से यहां मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते पुणे के कई इलाकों में पानी भर गया है। यहां घरों, सड़कों, गलियों में घुटनों तक जलजमाव हो गया है। एक बार फिर प्रशासन के दावों की पोल खुल गई है।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बुधवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में 30 लोगों की मौत हो गई, वहीं कर्नाटक में भारी बारिश हुई। तेलंगाना में हुई मौतों में से 19 मौतें तो सिर्फ ग्रेटर हैदराबाद में दर्ज की गईं हैं, जबकि चार लोग लापता हैं। पश्चिम बंगाल में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के काकीनाडा तट से गुजरने के कारण दक्षिणी राज्यों में भारी तबाही हुई। वहीं, महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के पंढरपुर में भारी बारिश के कारण दीवार ढह जाने की एक घटना में एक परिवार के चार लोगों समेत छह लोगों की मौत हो गई।
महाराष्ट्र: पंढरपुर में दीवार गिरने से छह की मौत
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में भारी बारिश के कारण चंद्रभागा नदी के तट पर बुधवार को एक दीवार गिर गई जिससे छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि घटना शहर के कुंभरघाट के पास दोपहर ढाई बजे हुई। सोलापुर के पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सतपुते ने कहा कि 'मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं जिनका निवास दीवार के पास था। इसके अलावा मृतकों में दो अन्य लोग भी हैं जिन्होंने बारिश से बचने के लिए आश्रय लिया था।' एसपी ने कहा कि सोलापुर (ग्रामीण) पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
बाढ़ प्रभावित हैदराबाद में सेना बचाव अभियान में शामिल हुई
भीषण बारिश और बाढ़ प्रभावित तेलंगाना के हैदराबाद में राहत एवं बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ सेना भी शामिल हो गई है और बुधवार को कई फंसे हुए लोगों को निकाला गया। रक्षा विज्ञप्ति में बताया गया है कि राज्य सरकार ने सेना से अनुरोध किया था। इसके बाद सेना के कर्मियों ने बंदलगुडा इलाके में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि कई फंसे हुए लोगों को बचाया गया और बड़ी संख्या में खाने के पैकेट बांटे गए। इसमें कहा गया है कि सैन्य सहायता टीमों के साथ सेना की चिकित्सा टीमें भी हैं जो फंसे हुए लोगों को जरूरी प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता मुहैया करा रही हैं। गौरतलब है कि भारी बारिश से शहर के निचले इलाकों और अन्य जगहों पर बाढ़ आ गई है तथा 19 लोगों की मौत हो गई है। पानी की वजह से सैकड़ों लोग फंस गए हैं। एनडीआरएफ ने कहा कि उसने हैदराबाद और रंगारेड्डी जिलों से एक हजार से ज्यादा लोगों को बचाया है और बचाव अभियान अब भी जारी है।
पीएम मोदी ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी से बात की। उन्होंने दोनों राज्यों में भारी बारिश से बने हालातों के बारे जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही भारी बारिश से प्रभावित लोगों के साथ खड़े होने का भरोसा दिया।
गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी हैदराबाद पहुंचे
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को हैदराबाद पहुंचे। यहां पहुंचते ही वह शहर के निचले इलाकों के दौरे पर गए। इन इलाकों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पिछले 40 सालों में हैदराबाद में इतने बुरे हालात नहीं देखे। पूरा शहर पानी में डूबा हुआ है। शहर की ज्यादातर बस्तियां पानी में डूब गई हैं।