उत्तर भारत के बाद अब दक्षिण भारत में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अब बादल दक्षिण भारत की ओर रूख कर चुके हैं। बादलों के दक्षिण भारत की ओर पहुंचने से उमस बढ़ गई है, वहीं हवा का दबाव कम हो गया है । ऐसे में अगले 28 घंटे में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि अगले 36 घंटों में लक्षद्वीप और देश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्के छीटें पड़ सकते हैं।
अरब सागर के ऊपर चक्रवात बनने से हो सकती है बारिश
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ने उत्तर भारत में तेज बारिश के साथ-साथ ओले गिरे थे। वैसी ही दक्षिण भारत में भी स्थिति बन रही है। विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर चक्रवात बनने से तेज आंधी तूफान और बारिश हो सकती है।
गुजरात में भारी बारिश की आशंका
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि 18 मई तक गुजरात के तट पर उच्च तीव्रता का चक्रवात पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि सौराष्ट्र और कच्छ इलाकों में 17 मई की शाम से 19 मई तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले पांच छह दिन 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं
किसानों को बढ़ी मुसीबत
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि बारिश से पहले 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। दक्षिण भारत में आंधी और बारिश की वजह से आम, नारियल समेत कई फसलें लगी हुई हैं, जिससे उन्हें तूफान से नुकसान हो सकता है। किसानों को कोरोना की वजह से सही समय पर मजदूर नहीं मिलने से फसलें घर तक नहीं पहुंची है।