भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से तमिलनाडु में भारी बारिश की आंशका जताई गई है। IMD के मुताबिक, आठ अक्तूबर को यहां भारी से भारी बारिश हो सकती है, जिस कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इसको देखते हुए यहां एनडीआरएफ की छह टीमों को तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आईएमडी अलर्ट के मद्देनजर एनडीआरएफ अराक्कोनम की छह टीमों को नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, कुड्डालोर, माइलादुथुराई और चेन्नई में तैनात किया गया है। कहा गया है कि इन टीमों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है। वहीं एनडीआरएफ अराक्कोनम का कंट्रोल रूप में 24 घंटे स्थिति की निगरानी करेगा।
अंडमान सागर में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की आशंका है और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी पर एक दबाव में केंद्रित होने की संभावना है, जिसके चलते तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी से भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
कल से शुरू होगा बारिश का सिलसिला
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सात से नौ दिसंबर तक बारिश के आसार जताए गए हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, छह दिसंबर को तमिलनाडु व पुडुचेरी में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं सात दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। आठ दिसंबर को गरज और तूफान के साथ यहां भारी बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
इन इलाकों में बारिश की संभावना
चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान तिरुवल्लुर, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर, अरियालुर, माइलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले तीन घंटों के दौरान शिवगंगई, रामनाथपुरम, थूथुकुडी, थिरुनेलवेली और कन्याकुमारी पुडुचेरी और कराईकल में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान की तैयारियों की समीक्षा की
बंगाल की खाड़ी के ऊपर संभावित चक्रवाती तूफान की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक हुई। आईएमडी डीजी ने समिति को चक्रवाती तूफान की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी। एनडीआरएफ की पांच टीमें तमिलनाडु को, तीन टीमें पुडुचेरी को और आंध्र के लिए स्टैंडबाय पर टीमें उपलब्ध कराई गई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक ने बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली की वर्तमान स्थिति के बारे में समिति को जानकारी दी, जिसके मंगलवार शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी पर एक में केंद्रित होने की संभावना है।