तीस हजार निवेशकों को चूना लगाने वाले आईएमए पोंजी स्कैम के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को आईएमए ज्वेल्स के मालिक मोहम्मद मंसूर खान के नाम समन जारी किया है। आईएमए ज्वेल्स ने निवेशकों को भारी रिटर्न का लालच देकर करोड़ों की चपत लगाई है।
ईडी ने आईएमए ज्वेल्स के दफ्तर में नोटिस चस्पा कर मंसूर खान को 24 जून की सुबह 11 बजे पेश होने को कहा है। एसआईटी ने भी इस मामले में मंसूर खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए सीबीआई को लिखा था। इससे पहले मंसूर खान ने आत्महत्या की धमकी वाला एक ऑडियो क्लिप जारी किया था जिसके बाद से वह गायब है। एसआईटी का मानना है कि मंसूर खान दुबई में छिपकर बैठा है। मंसूर ने कांग्रेस विधायक रोशन बेग पर 400 करोड़ रुपये लेकर न लौटाने का आरोप लगाया है।