मंत्री ने कहा कि वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी देश में रह रहे अवैध प्रवासियों को बाहर करने की आवश्यकता है क्योंकि वे राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा कर सकते हैं।
कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बुधवार को कहा कि वीजा अवधि से अधिक समय देश में रहने वाले अवैध प्रवासियों को बाहर देश से बाहर करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।
विज्ञापन
गृहमंत्रालय के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी देश में रह रहे अवैध प्रवासियों को बाहर करने की आवश्यकता है क्योंकि वे राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा कर सकते हैं।
बयान में कहा गया है कि कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक प्रवीण सूद ने विदेशियों के लिए मौजूदा डिटेंशन सेंटर की क्षमता को तुरंत बढ़ाने की जरूरत से मंत्री को अवगत कराया।
विज्ञापन
सूद ने यह भी कहा कि बांग्लादेशी समेत विदेशी नागरिकों को जेल में नहीं रखा जा सकता है लेकिन उन्हें नियमानुसार डिटेंशन सेंटर में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलामंगला में मौजूदा डिटेंशन सेंटर छोटा है और इसे विस्तारित करने की आवश्यकता है।
इसका जवाब देते हुए ज्ञानेंद्र ने समाज कल्याण विभाग से परियोजना को तुरंत मंजूरी देने और डिटेंशन सेंटर के विस्तार के लिए धनराशि जारी करने का आग्रह किया।
बैठक में मौजूद कर्नाटक समाज कल्याण मंत्री कोटा श्रीनिवास पुजारी ने कहा कि उनका विभाग, गृह विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करेगा।