सैनिक फार्म में चल रहे एक कैसीनो का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने यहां से 36 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने यहां से एक करोड़ 36 लाख के टोकन, शराब की बोतलें और 11 गाड़ियां जब्त की हैं।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ समय से मकान मालिक यहां पार्टनरशिप में यह धंधा चला रहा था। पुलिस मकान मालिक व उसके सहयोगी की तलाश कर रही है। नेबसराय थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है।
पुलिस उपायुक्त ईश्वर सिंह ने बताया कि इस गिरोह के बारे में कुछ दिन पहले जानकारी मिली थी। नेबसराय व मालवीय नगर थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर शनिवार देर रात सैनिक फार्म के जे ब्लॉक स्थित एक मकान में छापा मारा। यहां 36 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने 550 गज में फैले इस बंगले से कैसीनो का सेटअप भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान मकान मालिक हरेंद्र कौशिक और उसका पार्टनर कुणाल चंद्रा फरार हो गया। पुलिस ने जुआ खेलने और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही कोर्ट से आरोपियों की प्रॉपर्टी सील करने का आग्रह किया है।