फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ILBS: 2014 में 7 एम्स थे, आज 23 हैं, मेडिकल कॉलेज 387 थे, अब 780 हैं, एमबीबीएस की सीटें हुईं 1 लाख 18 हजार

Sat, 19 Apr 2025 04:54 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

गृह मंत्री शाह ने कहा, 2014 में देश का स्वास्थ्य का बजट 37 हजार करोड़ रूपए था, जिसे आज प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाकर 1 लाख 27 हजार करोड़ रूपए कर दिया है। यकृत हमारे शरीर की रचना और इसे स्वस्थ रखने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारे शरीर के सभी अंगों में पुनर्जीवित होने की सबसे अधिक क्षमता यकृत में है, क्योंकि यकृत ही पूरे शरीर को स्वस्थ रखने का मार्ग है।
विज्ञापन
AIIMS - फोटो : https://www.aiimsdeoghar.edu.in/
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

2014 में देश में 7 एम्स थे, आज 23 हैं। मेडिकल कॉलेज 387 थे, आज 780 हैं। एमबीबीएस सीटें 51 हजार थीं, जो आज 1 लाख 18 हजार हो गई हैं। अब इनमें 75 हजार सीटें और बढ़ने जा रही हैं। इसके साथ-साथ, पीजी की सीटें 31 हजार थीं, जो आज बढ़कर 74 हजार हो गई हैं। यह बात केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नई दिल्ली में विश्व यकृत (लिवर) दिवस के अवसर पर यकृत एवं पित्त विज्ञान संस्थान(ILBS) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कही। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विज्ञापन


गृह मंत्री शाह ने कहा, 2014 में देश का स्वास्थ्य का बजट 37 हजार करोड़ रूपए था, जिसे आज प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाकर 1 लाख 27 हजार करोड़ रूपए कर दिया है। यकृत हमारे शरीर की रचना और इसे स्वस्थ रखने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारे शरीर के सभी अंगों में पुनर्जीवित होने की सबसे अधिक क्षमता यकृत में है, क्योंकि यकृत ही पूरे शरीर को स्वस्थ रखने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज विश्व यकृत दिवस के अवसर पर पूरे देश की जनता को अपने यकृत के प्रति सजग, प्रयत्नशील और पूरी जानकारी के साथ यकृत को स्वस्थ रखने का संकल्प लेना चाहिए। गृह मंत्री ने स्वस्थ जीवनशैली के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि मई 2020 से उनके जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। श्री शाह ने कहा शरीर की आवश्यकता के अनुसार जल, आहार, व्यायाम और नींद से उन्होंने अपने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के सामने आजादी की शताब्दी के समय 2047 में एक विकसित भारत की रचना करने का लक्ष्य रखा है, जो हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो। विश्व का नेतृत्व करे। विकसित भारत की संकल्पना रोगग्रस्त होकर नहीं की जा सकती, इसीलिए ये बहुत जरूरी है कि हर नागरिक स्वस्थ रहे। आज आईएलबीएस द्वारा HEALED योजना का शुभारंभ हुआ है। यह अभिनव पहल यकृत को स्वस्थ रखने के प्रति देश में जागरूकता फैलाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान विटामिन ई की भी जांच करवानी चाहिए।
विज्ञापन


शाह ने कहा कि हमारे वेदों में कहा गया है कि आहार ही औषधि है और आज इस थीम को स्वीकार कर पूरा विश्व आगे बढ़ रहा है। 2014 से 2025 तक 11 साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने हॉलिस्टिक दृष्टिकोण के साथ देश के नागरिकों को स्वस्थ बनाने के अनेक कार्यक्रम चलाए हैं। आयुष मंत्रालय एक ऐसी पद्धति विकसित करने का काम कर रहा है जिससे हम बीमार ही न हों। आज बड़े-बड़े एलोपैथिक अस्पताल भी अपने यहां आयुष का विंग खोल रहे हैं। विश्व योग दिवस की कल्पना में ही व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को समाहित किया गया था। आज देश के करोड़ों लोगों को 5 लाख रूपए तक के इलाज का पूरा खर्च मोदी सरकार दे रही है। 70 साल से अधिक आयु वाले नागरिको के इलाज के लिए भी 5 लाख तक का सभी खर्च सरकार उठा रही है।

ये भी पढ़ें: कानों देखी: नए भाजपा अध्यक्ष का इंतजार; इस हफ्ते राहुल-सोनिया से लेकर रॉबर्ट वाड्रा और ममता खूब रहीं चर्चा में

मोदी सरकार ने देश में स्वास्थ्य का इन्फ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने के लिए 65 हज़ार करोड़ रूपए खर्च कर हर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) को एक कम्प्लीट यूनिट बनाने की व्यवस्था की है। शाह ने कहा कि जेनेरिक दवाओं के लिए आज देश में 15 हजार से अधिक जनऔषधि केन्द्रों का नेटवर्क तैयार कर 80 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चे के जन्म से 15 साल की आयु तक मिशन इंद्रधनुष के तहत उसके मुफ्त टीकाकरण की व्यवस्था की और 1 करोड़ 32 लाख माताओं को भी टीका लगाया है। ई-संजीवनी ऐप के तहत देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्वास्थ्य संस्थानों से 30 करोड़ 90 लाख से अधिक डिजिटल डॉक्टरी परामर्श देने का काम पूरा हुआ है। 

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि समग्रता के साथ पिछले 10 साल में देश के 130 करोड़ नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक आवरण की रचना की है। सभी देशवासी अच्छा आहार, पर्याप्त पानी, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम करें, बाकि आपके स्वास्थ्य की चिंता की जिम्मेदारी मोदी सरकार करेगी। गृह मंत्री ने देश के कॉर्पोरेट जगत से अपने Corporate Social Responsibility (CSR) की पहलों में स्वस्थ लिवर के प्रचार को महत्व और स्वस्थ लिवर के लिए काम करने वाली संस्थाओं को सहायता देने का अनुरोध किया। उन्होंने मीडिया से भी मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। शाह ने कहा कि ILBS को अपने आप को देशभर के एम्स और प्रमुख सरकारी अस्पतालों के साथ जुड़कर लिवर के रोगियों के मार्गदर्शन की व्यवस्था और इसके प्रति जागरूकता फैलाने के प्रयास करने चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें