आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच ने आईआईटी पवई कैंपस में उनसे करीब 8 से 10 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान प्रोफेसर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, प्रोफेसर डूला ने कहा कि उन्होंने संस्थान के तय दिशा-निर्देशों का पालन किया था। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी करने और छात्र को प्रताड़ित करने के आरोपों से भी इनकार किया है।
क्या है पूरा मामला?
साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र थे। वह 18 सितंबर की शाम पवई कैंपस स्थित हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके मिले थे। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर सामने आई जानकारी के कुछ घंटे बाद हुई थी। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, साहिल ने परीक्षा का प्रश्नपत्र एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में संस्थान ने मामले को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया था।
माता-पिता ने लगाए थे प्रताड़ना के आरोप
साहिल के माता-पिता ने पुलिस को दी शिकायत में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर उनके बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसी शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर से साहिल की मौत से पहले की घटनाओं और उनके बीच हुई बातचीत से जुड़े सवाल पूछे। पूछताछ में प्रोफेसर डूला ने आरोपों को खारिज किया और कहा कि उन्होंने नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत ही कार्रवाई की थी। उन्होंने किसी भी तरह की जातिसूचक टिप्पणी करने से भी इनकार किया।
50 लोगों के बयान दर्ज
मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले में अब तक साहिल के माता-पिता, सहपाठियों समेत करीब 50 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। जांच के तहत पुलिस परीक्षा हॉल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस साहिल की मौत से पहले की घटनाओं और उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान दर्ज होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
IIT बॉम्बे के निदेशक से भी होगी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच जल्द ही आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे को भी समन कर उनका बयान दर्ज कर सकती है। मामले की जांच में संस्थान की भूमिका और घटना से पहले की परिस्थितियों को भी देखा जा रहा है। इससे पहले पवई पुलिस ने साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मामला दर्ज किया था।
आजाद मैदान में माता-पिता की भूख हड़ताल
साहिल वाकोडे के माता-पिता पिछले छह दिनों से मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे भूख हड़ताल जारी रखेंगे।
जांच में अब किन पहलुओं पर नजर?
क्राइम ब्रांच साहिल की मौत से पहले की घटनाओं, परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल, संबंधित लोगों के साथ उनकी बातचीत और परीक्षा हॉल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रोफेसर डूला का बयान भी इसी जांच का हिस्सा है। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।