भारत सरकार ने आईएफएस अधिकारी दिनकर अस्थाना को गिनी-बिसाऊ देश में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है। अस्थाना फिलहाल में सेनेगल में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। बता दें, सेनेगल से पहले अस्थाना लाओ में भी भारतीय दूत के रूप में काम किया है। अस्थाना अगस्त 1990 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए थे। वे हिंदी, अंग्रेजी, जर्मन और प्रारंभिक फ्रेंच भाषा के जानकार हैं। उन्होंने बॉन, बैंकॉक, कोलंबो और मैक्सिको सिटी में भारतीय राजनयिक मिशनों में काम किया है।
केंद्र ने सीबीआई में नियुक्त किए तीन नए एसपी
आईपीएस अधिकारी गंगनदीप सिंगला, सी कलाईचेलवन और गौरव अभिजीत दिलीप को मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है। सिंगला राजस्थान कैडर के 2010 बैच के, कलाईचेलवन तमिलनाडु कैडर के 2012 के, दिलीप असम-मेघालय कैडर के 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि उन्हें पांच साल की अवधि के लिए सीबीआई में नियुक्त किया गया है।
सीबीआई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला किया बंद
सीबीआई ने 2012 में कानून का उल्लंघन कर झारखंड में एक स्टील प्लांट के लिए वन भूमि के उपयोग में बदलाव पर पूर्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में फाइनल रिपोर्ट दाखिल की है। अधिकारियों ने बताया कि छह साल की जांच के बाद, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले सप्ताह एक विशेष अदालत के समक्ष समापन रिपोर्ट दाखिल की। क्योंकि एजेंसी को अभियोजन आगे बढ़ाने के लिए मामले में पर्याप्त सबूत नहीं मिल सके। संघीय जांच एजेंसी ने नटराजन, इलेक्ट्रोस्टील कास्टिंग लिमिटेड (ईसीएल) के तत्कालीन प्रबंध निदेशक उमंग केजरीवाल और कंपनी के खिलाफ 2014 में तीन साल की लंबी प्रारंभिक जांच के बाद 7 सितंबर, 2017 को मामला दर्ज किया था।
विधायकों की अयोग्यता मामले में सुनवाई
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने मंगलवार को विपक्ष द्वारा दायर अयोग्यता याचिकाओं की सुनवाई की। इस दौरान शिवसेना (यूबीटी) का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील असीम सरोदे ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि सुनवाई सुनवाई शनिवार और रविवार को भी होनी चाहिए। क्योंकि 31 दिसंबर की समय सीमा करीब आ रही है। उन्होंने कहा कि यूबीटी नेता सुनील प्रभु के साथ बहस हुई। बता दें, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, स्पीकर नार्वेकर को 31 दिसंबर तक अपना फैसला सुनाना है।
समलैंगिक साथी ने चाकू मारकर की हत्या
पुणे के वाघोली इलाके में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिला। मामले की जानकारी देते हुए लोनीकंद पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक 21 साल का है। वह बीबीए की पढ़ाई करता था और एक छात्रावास में रहता था। छात्र को उसी के एक समलैंगिक साथी ने मारा है। आरोपी साथी ने धारदार हथियार से बार-बार हमला करके जान ले ली। सरे राह हमला कर आरोपी फरार हो गया। इस दौरान मृतक ने एक राहगीर को आरोपी का नाम बताया और कारण बताया, जो प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। खून से लथपथ युवक को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
विजिलेंस ने पुलिस इंस्पेक्टर से जब्त किए 32.5 लाख रुपये
ओडिशा में सतर्कता (विजिलेंस) टीम ने एक पुलिस इंस्पेक्टर से 32.5 लाख रुपये नकद जब्त किए और उसे हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि उसके परिसरों की तलाशी जारी है। गुप्त सूचना पर विभाग की एक टीम ने कोरापुट जिले के बोइपरिगुडा पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक सुशांत सत्पथी को सोमवार शाम उस समय पकड़ा, जब वह बस में बोइपरिगुडा से कटक की यात्रा कर रहे थे।
असम में 15 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
असम के कामरूप जिले से पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 करोड़ की हेरोइन जब्त की है। एक अधिकारी ने कहा कि इस ऑपरेशन को मंगलवार को असम एसटीएफ ने अंजाम दिया। एसटीएफ के उप महानिरीक्षक, पार्थ सारथी महंत ने कहा कि गुप्त सूचना पर एक टीम ने सरायघाट पुल के पास एक वाहन को रोका, लेकिन तस्करों ने भागने की कोशिश की। टीम ने दो राउंड फायरिंग की और उन्हें पकड़ लिया।
ओडिशा : वंदे भारत पर पत्थर फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा में बीते दिनों राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस में पत्थर फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने रविवार को मेरामंडली और बुधपंक स्टेशनों के बीच ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उस दिन वे घटनास्थल पर थे और शराब पीने के बाद मनोरंजन के लिए ट्रेन पर पत्थर फेंके थे।
वैक्सीन रिसर्च : भारत बायोटेक और सिडनी यूनिवर्सिटी में समझौता
भारत बायोटेक और यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी संक्रामक रोग संस्थान ने मंगलवार को वैक्सीन अनुसंधान पहल को आगे बढ़ाने और शैक्षणिक-उद्योग साझेदारी को मजबूत करने के लिए समझौते की घोषणा की। भारत बायोटेक ने कहा, समझौते का उद्देश्य भविष्य की महामारी और संक्रामक रोगों से निपटने के लिए नई पद्धतियों को डिजाइन करने के लिए मजबूत क्षेत्रीय और अंतर-संगठनात्मक सहयोग का निर्माण करना है।
सरकारी अनुदान में हेराफेरी करने के आरोप में पूर्व आईएएस गिरफ्तार
गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी बीडी निनामा को दाहोद में सरकारी अनुदान में हेराफेरी करने के आरोप गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा, सिंचाई परियोजनाओं के लिए कार्यकारी अभियंता का एक फर्जी कार्यालय स्थापित करके सरकारी अनुदान में 4.16 करोड़ की हेराफेरी की गई था। निनामा 2019 से 2022 में राज्य सरकार की जनजातीय क्षेत्र उप योजना के परियोजना प्रशासक थे। पुलिस अधीक्षक राजदीप सिंह जला ने कहा, इससे पहले घोटाले के सरगना संदीप
राजपूत और अंकित सुथार को गिरफ्तार किया था।
गुजरात : दंगा मामले में जिग्नेश मेवाणी समेत सात आरोपी बरी
अहमदाबाद की एक अदालत ने कांग्रेस विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी व छह अन्य लोगों को गैरकानूनी सभा और दंगा के 2016 के एक मामले में बरी कर दिया। अदालत ने मेवाणी, मानाभाई पटेलिया, रमेश बारिया, मुकेश पटेल, दशरथ पागी, मीश नरसिंह और दर्शन पथड़िया को बरी कर दिया। इनके खिलाफ गैरकानूनी रूप से सभा करने, दंगा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
फैशन डिजाइनर रोहित बल की हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती
मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल की हालत गंभीर है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों ने मंगलवार को बताया कि उनका हार्ट ठीक से काम नहीं कर पा रहा। उन्हें डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी की शिकायत है। हृदय संबंधी इस बीमारी में हार्ट के चेंबर बड़े हो जाते हैं और उनकी सिकुड़ने की क्षमता भी कम हो जाती है।
18 माह के डीएलएड को दो वर्षीय डिप्लोमा के बराबर मानना गलत
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 18 महीने के डीएलएड को दो वर्ष डिप्लोमा के बराबर मानना गलत है। शीर्ष अदालत ने इस टिप्पणी के साथ ही उत्तराखंड हाईकोर्ट के उस आदेश को दरकिनार कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा था कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग की प्रारंभिक शिक्षा में ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड के माध्यम से संचालित 18 महीने का डिप्लोमा (डीएलएड) उत्तराखंड राज्य में सहायक शिक्षकों (प्राथमिक) के नियमित पदों पर आवेदन करने के लिए एक वैध डिप्लोमा है।
9 दिसंबर से सिंगापुर, मलयेशिया व वियतनाम का दौरा करेंगे राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 9 दिसंबर से चार देशों इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलयेशिया और वियतनाम का दौरा करेंगे। सूत्रों के अनुसार, राहुल सिंगापुर और मलेशिया में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात करेंगे, जबकि इंडोनेशिया में वह राजनयिकों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेता के वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से मिलने की भी संभावना है।
प्रशिक्षु महिला अग्निवीर ने नौसेना छात्रावास में की आत्महत्या
भारतीय नौसेना में अग्निवीर का प्रशिक्षण ले रही 20 वर्षीय युवती ने मुंबई में आईएनएस हमला में अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि केरल की रहने वाली युवती पश्चिमी उपनगर मलाड में मालवानी इलाके में आईएनएस हमला में प्रशिक्षण ले रही थी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अपने शुरुआती प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद महिला पिछले 15 दिन से इस केंद्र में प्रशिक्षण ले रही थी। नौसेना मामले की जांच कर रही है।
मणिपुर फाइल्स किताब के लेखक प्रणबानंद पर एफआईआर
पूर्वोत्तर राज्य में जातीय हिंसा पर लिखी गई किताब मणिपुर फाइल्स के लेखक प्रणबानंद दास पर किताब के जरिये समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 25 नवंबर को कांगलेईपाक कनबा लुप (केकेएल) के युवा नेता लुवांगचा यू नगामखेइंगकपा ने इंफाल पूर्वी जिले के पोरोम्पैट पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी।
महाराष्ट्र सरकार पर लगे 12,000 करोड़ के जुर्माने पर सुप्रीम रोक
सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें महाराष्ट्र राज्य को अनुचित अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पर्यावरणीय मुआवजे के रूप में 12,000 करोड़ रुपये का भुगतान करने को कहा गया था। महाराष्ट्र सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने जुर्माने की राशि का विरोध किया और अदालत को सूचित किया कि एनजीटी के समक्ष समीक्षा लंबित है। उन्होंने कहा, इतने सारे शून्य हैं कि मैं जुर्माने में गिन भी नहीं सकता। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने रोहतगी की दलीलें सुनने के बाद याचिका पर नोटिस जारी किया और एनजीटी के आदेश पर रोक लगा दी।
फास्ट ट्रैक अदालतों को 3 साल और काम करने की कैबिनेट ने दी मंजूरी
केंद्र सरकार की ओर से यौन अपराधों से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए गठित 1023 फास्ट ट्रैक अदालतों को तीन साल और सेवा विस्तार दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक सूचना सार्वजनिक नहीं की गई है। केंद्र सरकार ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद 2018 में क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट पारित किए जाने के उपरांत इस तरह के अपराधों से निपटने के लिए देश के 31 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में 1023 फास्ट ट्रैक अदालतों को शुरू करने का फैसला लिया था। इनमें से 389 अदालतें सिर्फ पॉक्सो मामलों के लिए निर्धारित थीं। हालांकि सरकार के सारे प्रयासों के बावजूद 1023 में से सिर्फ 754 ही काम कर रही हैं।
संदिग्ध गतिविधि के कारण 70 लाख मोबाइल नंबर निलंबित
वित्तीय सेवा सचिव विवेक जोशी ने मंगलवार को कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने संदिग्ध लेनदेन के कारण 70 लाख मोबाइल नंबर निलंबित कर दिए हैं। साइबर सुरक्षा और डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी से संबंधित मुद्दों पर आयोजित बैठक के बाद जोशी ने कहा कि बैंकों को इस संबंध में प्रणाली और प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में अगली बैठक जनवरी में होगी। उन्होंने कहा, राज्यों को आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) धोखाधड़ी के मुद्दे पर ध्यान देने और डाटा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों के केवाईसी मानकीकरण के संबंध में भी चर्चा हुई है।