देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' में अगर किसी जवान ने तीस दिन से अधिक छुट्टियां ली हैं, तो उसे पूरा रिस्क एंड हार्डशिप अलाउंस नहीं मिलेगा। कोरोना संक्रमण के दौरान बहुत से कर्मियों के खातों में तीस दिन से ज्यादा समय का अलाउंस चला गया है। अब ऐसे कर्मियों से वह अलाउंस वापस लिया जाएगा।
सीआरपीएफ में यह प्रावधान किया गया है कि जो कर्मी, वह चाहे छुट्टी पर गया हो या किसी अन्य कारण से ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर सका हो, इन दोनों ही परिस्थितियों में अगर वह तीस दिन से अधिक समय तक ड्यूटी पर नहीं आया है, तो वह हार्डशिप अलाउंस लेने का हकदार नहीं होगा।
जैसे कोरोना संक्रमण के चलते अनेक जवान घर पर फंस गए थे। परिवहन सुविधा न होने के कारण वे तय समय पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर सके। ऐसे में उनका अवकाश तीस दिन से अधिक हो गया। नियम है कि छुट्टियां तीस दिन से ज्यादा हो गई हैं तो वह कर्मी रिस्क एंड हार्डशिप अलाउंस लेने के अयोग्य माना जाएगा। उसे पूरे पीरियड का अलाउंस नहीं मिलेगा। किसी भी तरह का अवकाश, यदि वह 30 दिन से कम है तो पूरा रिस्क एंड हार्डशिप अलाउंस दिया जाएगा।