रेलवे हमेशा लोगों को ये चेतावनी देती रहती है कि चलती ट्रेनों में न चढ़ें, इससे आपकी जान को खतरा हो सकता है। लेकिन इसके बावजूद लोग अपनी जान पर खेलकर चलती ट्रेनों में चढ़ते हैं और उनमें से अधिकतर इसके कारण अपनी जान गंवा देते हैं। ऐसा ही एक हादसा मुंबई में हुआ है, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान आईबीएम कंपनी में काम करने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई।
दरअसल, सुदर्शन चौधरी नामक एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर दादर रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। जब वो प्लेटफॉर्म की सीढ़ियों पर ही थे, तभी ट्रेन खुल गई। इस दौरान उन्होंने दौड़कर ट्रेन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उन्होंने ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़ा, ट्रेन की रफ्तार ज्यादा होने की वजह से वो अपना संतुलन खो बैठे और झटके के साथ प्लेटफॉर्म के बाहर गिर गये, जिससे उनकी मौत हो गई।
सुदर्शन चौधरी (31) ने सांगली के एक कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और दो महीने बाद ही उनकी शादी होने वाली थी। सुदर्शन के एक दोस्त संदीप ने बताया कि उसके माता-पिता नागपुर में रहते हैं और वो काम के सिलसिले में नागपुर से मुंबई आ गया था। सुदर्शन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी मौत की खबर सुनकर वो सदमे में हैं।