वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने आईएएस अधिकारी शाह फैसल के इस्तीफे को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस कदम से दुनिया उनकी पीड़ा और आक्रोश पर ध्यान देगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इसतीफे को शाह फैसल के आत्मविश्वास की कमी बताया है।
एक के बाद एक ट्वीट करते हुए पूर्व गृह और वित्त मंत्री ने कहा कि पहले कश्मीरी आईएएस टॉपर रहे फैसल ने जो कुछ भी कहा है, वह नरेंद्र मोदी सरकार को दोषी ठहराता है।
उन्होंने कहा कि यह दुखद है, लेकिन वह शाह फैसल को सलाम करते है। उन्होंने कहा कि शाह फैसल के बयान का हर शब्द सच है और भाजपा सरकार को दोषी ठहराने वाला है। मालूम हो कि बुधवार को फैसल ने सिविल सेवा अधिकारी पद से इस्तीफा दे दिया है।
इधर, केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस्तीफे का फैसला ऐसा है, जोकि शाह में आत्मविश्वास की कमी दिखाता है। उन्होंने कहा कि अगर आपमें आत्मविश्वास है, तो आतंकवाद से जूझना और लड़ना चाहिए था।
मालूम हो कि फैसल ने अपने इस्तीफे की वजह कश्मीर में लगातार हो रही हत्याओं को बताया था और साथ ही कहा था कि कश्मीरी लोगों तक पहुंचने के केंद्र सरकार के प्रयासों में ईमानदारी की कमी है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय मुसलमानों को हाशिये पर डाले जाने पर भी आक्रोश जाहिर किया था।
चिदंबरम ने कहा कि कुछ समय पहले ही पंजाब के पूर्व डीजीपी और मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त जूलियो रिबेरो ने भी यही बात कही थी, लेकिन शासकों की तरफ से उन्हें आश्वासन का एक शब्द तक भी नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के नागरिकों के ऐसे बयानों से हमारा सिर अफसोस और शर्म से झुक जाना चाहिए। मालूम हो कि मोदी सरकार को लेकर रिबेरो ने तब कहा था कि देश को समावेशी विकास की जरूरत है न कि कुछ वर्गों की।