भारतीय वायुसेना ने 21 ऐसे हाइवेज के पहचान की है जिन पर मुश्किल वक्त में इमर्जेंसी लैंडिंग कराई जा सके। जिन पॉइंट की पहचान की गई है वे भारत और पाकिस्तान की सीमा के करीब राजस्थान और गुजरात में हैं। इसके अलावा जम्मू कश्मीर, असम, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड़ में भी ऐसे हाइवेज को चुना गया है।
अंग्रेजी अखबार 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, वायुसेना ने विस्तृत अध्ययन के बाद इन हाइवेज को चुना है। इन हाइवेज को चुनने में इस बात का ख्याल रखा गया है कि इमरजेंसी के वक्त फाइटर या अन्य किसी एयरक्राफ्ट की लैंडिंग के समय कम संसाधनों की ही जरूरत पड़े।
बताया जा रहा है कि बीते महीने सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के एक पत्र के जवाब में रक्षा मंत्री ने सुझाव दिया कि एक समिति बनाई जाए तो जो यह पता लगाए कि देश में किन हाइवेज का इस्तेमाल सैन्य मकसद के लिए भी किया जा सकता है। बीते साल मई में वायुसेना के मिराज प्लेन को मथुरा के नजदीक यमुना एक्सप्रेस वे पर उतारा गया था।