बीते दिन कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया था। विंग कमांडर पर हमला उस समय हुआ, जब वह अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे। घटना में उनके सिर पर चोट आई और पुलिस की निष्क्रियता की आलोचना भी की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में बंगलूरू पुलिस ने बताया था कि सोमवार सुबह बंगलूरू में एक भारतीय वायुसेना अधिकारी पर कन्नड़ भाषी व्यक्तियों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया और गाली-गलौज की। मामले में एक गिरफ्तारी भी की गई है। अब पुलिस ने उन वायु सेना अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कॉल सेंटर कर्मचारी की शिकायत पर 40 वर्षीय भारतीय वायुसेना अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारी की शिकायत पर पहले भी रोड रेज की घटना में अधिकारी को गिरफ्तार किया जा चुका है। कॉल सेंटर कर्मचारी को वायु सेना अधिकारी की शिकायत पर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
कन्नड़ भाषी लोगों के एक समूह पर लगाया आरोप
भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शिलादित्य बोस ने एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि सोमवार सुबह बंगलूरू में बाइक से उनका पीछा करने वाले कन्नड़ भाषी लोगों के एक समूह ने उन पर हमला किया और उनके साथ गाली-गलौज की। पुलिस ने इसे रोड रेज का मामला बताते हुए विकास कुमार को गिरफ्तार किया। वह एक सॉफ्टवेयर कंपनी के कॉल सेंटर में टीम हेड के तौर पर काम करता है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भारतीय वायुसेना अधिकारी को आरोपी के साथ मारपीट करते हुए दिखाया गया है, जिससे वहां मौजूद लोगों के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायु सेना अधिकारी को विकास के साथ बहस करते और सबके सामने उसकी पिटाई करते हुए देखा गया, जबकि उसकी पत्नी उसे रोकने की कोशिश कर रही थी।
घटना कब हुई?
घटना उस समय हुई, जब अधिकारी अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) देवराज डी ने बताया कि विकास कुमार की जवाबी शिकायत के आधार पर शिलादित्य बोस के खिलाफ बयाप्पनहल्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप लगाया गया है कि अधिकारी ने उनके साथ मारपीट भी की।
विकास कुमार की मां ने लगाई न्याय की गुहार
एक वीडियो बयान में विकास कुमार की मां ज्योति ने अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की और पूछा कि क्या पूरी तरह से उनके बेटे पर दोष मढ़ना गलत नहीं है? उन्होंने कहा कि एक कमांडर, एक आईएएफ अधिकारी होने के नाते उन्होंने उनके बेटे की पिटाई की और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने कहा, 'यह सब करने के बाद भी अगर हमने अधिकारी के खिलाफ शिकायत की होती तो यह एक बड़ा मुद्दा बन जाता। लेकिन हमने शुरू में पुलिस में शिकायत नहीं की और यह सोचकर वापस आ गए कि चलो... यह एक छोटा सा मुद्दा है। अब उन्होंने इसे एक बड़ा मुद्दा बना दिया है और मेरे बेटे को परेशान कर रहे हैं। मैं अपने बेटे के लिए न्याय चाहती हूं।'
पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता दत्ता की शिकायत पर गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि अधिकारी की पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता दत्ता की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बयप्पनहल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी ने कहा, 'उनके बीच विवाद हुआ। दोनों ने एक-दूसरे पर हमला किया। सोमवार को सुबह करीब 6 बजे वायुसेना अधिकारी अपने डीआरडीओ क्वार्टर से केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे। उनकी पत्नी गाड़ी चला रही थीं और वह उनके बगल में बैठे थे।'
'दोनों पक्ष लड़ाई झगड़े से बच सकते थे'
उन्होंने कहा कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो के विश्लेषण से पता चला है कि दोनों पक्ष लड़ाई झगड़े से बच सकते थे।
'सोशल मीडिया पर लाइव हुए तो हमें पता चला'
उन्होंने कहा, 'जब वे पुलिस स्टेशन आए, तो एसएचओ ने उन्हें प्राथमिक उपचार लेने की सलाह दी, क्योंकि उनका खून बह रहा था और फिर एफआईआर दर्ज करने के लिए वापस लौटना था। चूंकि उन्हें देर हो रही थी, इसलिए वे एयरपोर्ट के लिए निकल गए। जब वे सोशल मीडिया पर लाइव हुए तो हमें पता चला। फिर हमने मधुमिता का पता लगाया और डीआरडीओ क्वार्टर से संपर्क किया। वह स्टेशन आईं और शिकायत दर्ज कराई। हमने एफआईआर दर्ज की है।'
'हमारे पास बहुत सारे वीडियो सबूत, हम जांच आगे बढ़ाएंगे'
पूछताछ के दौरान विकास कुमार ने दावा किया कि वह उस समय वहां से गुजर रहा था, जब महिला ने कथित तौर पर कुछ अभद्र टिप्पणी की। फिर विकास ने उनसे पूछा, 'आप किस बारे में बात कर रही हैं?' इसके बाद वह आईएएफ अधिकारी के पास गया और उनसे पूछा, 'मैडम क्या कह रही हैं?' डीसीपी ने कहा, 'हमारे पास बहुत सारे वीडियो सबूत हैं और हम जांच को आगे बढ़ाएंगे।'
सीएम सिद्धारमैया बोले- कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शहर में वायुसेना के एक अधिकारी और एक कॉल सेंटर कर्मचारी से जुड़ी सड़क पर हुई मारपीट की घटना के संबंध में कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है। दोनों पक्षों ने शिकायत दी है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने अधिकारियों से कानून के अनुसार कार्रवाई करने को कहा है, चाहे वह कोई भी हो। चाहे विंग कमांडर हो या कोई और, मैंने कानून के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।