कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। जानकारी के मुताबिक, विंग कमांडर पर हमला उस समय हुआ जब वह अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे। इस घटना में उनके सिर पर चोट आई और उन्होंने घटना के बाद पुलिस की निष्क्रियता की आलोचना भी की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें विंग कमांडर बुरी तरह जख्मी औ खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं।
विंग कमांडर शिलादित्य बोस ने आरोप लगाया कि दोपहिया वाहन पर उनका पीछा करने वाले लोगों ने रोड रेज की घटना में उन पर हमला किया और गाली-गलौज की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने घटनाक्रम का विवरण दिया और अपने चेहरे और गर्दन पर चोटों को दिखाया, जिसमें से खून बह रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे पुलिस स्टेशन गए थे, लेकिन उन्हें तुरंत मदद नहीं मिली।
यह भी पढ़ें -
Railways: चुनाव से पहले बिहार को मिल सकती है इतनी ट्रेनों की सौगात, इन बड़े शहरों के लिए शुरू होंगीं गाड़ियां
विंग कमांडर ने बताया पूरा घटनाक्रम
उन्होंने वीडियो में बताया कि, 'हम डीआरडीओ, सीवी रमन नगर फेज एक में रहते हैं। आज सुबह, मेरी पत्नी मुझे एयरपोर्ट ले जा रही थी, तभी पीछे से एक बाइक आई और हमारी कार को रोक दिया। मैं डैश कैम फुटेज भी शेयर करूंगा। बाइक सवारों में से एक ने कन्नड़ में मुझे गाली देना शुरू कर दिया। मेरी कार पर डीआडीओ का स्टिकर देखकर उसने कहा, 'तुम डीआरडीओ के लोग हो', इसके बाद कन्नड़ में और गाली दी। फिर उसने मेरी पत्नी को गाली दी। मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सका'।
अन्य स्थानीय लोगों ने भी दी गालियां
विंग कमांडर ने आगे बताया कि, 'जब मैं कार से बाहर निकला, तो उसने तुरंत अपनी चाबी से मेरे माथे पर वार किया। मैं वहीं खड़ा रहा, चिल्लाया, पूछा कि क्या लोग सेना या रक्षा बलों के किसी व्यक्ति के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं। इस दौरान और लोग इकट्ठा हो गए और हमें गाली देना शुरू कर दिया।' इसके अलावा, 'उस आदमी ने एक पत्थर भी उठाया और मेरी कार पर फेंकने की कोशिश की। जब मैंने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने मुझे फिर से मारा। आप खून देख सकते हैं - यही हुआ। शुक्र है कि मेरी पत्नी मुझे बाहर निकालने के लिए वहां थी।'
इस पूरे मामले में वारदात वाली जगह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारी ने कहा कि यह घटना सीवी रमन नगर से हवाई अड्डे के रास्ते पर हुई। वहीं बाद में पोस्ट किए गए दूसरे वीडियो में विंग कमांडर ने खुलासा किया कि वह अपने बीमार पिता से मिलने कोलकाता जा रहे थे। उन्होंने हमले को एक चौंकाने वाला प्रकरण बताया, जिससे वो और उनका परिवार चिंतित है।
अज्ञात आरोपियों पर दर्ज किया गया केस
मामले में बंगलूरू पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह बंगलूरू में एक भारतीय वायुसेना अधिकारी पर कन्नड़ भाषी व्यक्तियों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया और गाली-गलौज की। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब वह अपनी पत्नी के साथ हवाई अड्डे जा रहे थे, जो भारतीय वायुसेना (आईएएफ) की अधिकारी भी हैं।
यह भी पढ़ें -
MHA On Naxalism: नक्सलवाद को खत्म करने की हमारी मुहिम निरंतर जारी रहेगी, गृह मंत्री अमित शाह ने किया बड़ा एलान
मामले में पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार
वहीं इस मामले में डीसीपी ईस्ट बंगलूरू डी देवराज ने कहा, 'यह किसी भाषा या कारण से संबंधित मामला नहीं है। सुबह से जुटाए तथ्यों और साक्ष्यों से यह बहुत स्पष्ट है। यह रोड रेज का एक स्पष्ट मामला है, जो बंगलूरू में बहुत आम है। वे दोनों इसे टाल सकते थे। जब यह विवाद हो रहा था, तो 6-7 युवकों ने दोनों लोगों को अलग करने और लड़ाई को रोकने की कोशिश की। उन्होंने दोनों को शांत करने की पूरी कोशिश की... जब महिला अधिकारी मधुमिता दास गाड़ी चला रही थीं, तो यह लड़का विपरीत दिशा से आ रहा था, यही मूल कारण था। मामले में एक लड़के, विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है'।